पहली ही बारिश में बही 32 लाख की पुलिया, दो माह में खुली निर्माण की पोल

    


जीला -प्रतापगढ 

तहसील -छोटीसादडी

छोटीसादड़ी (प्रतापगढ़)। छोटीसादड़ी उपखंड क्षेत्र के बरखेड़ा-रंभावली मार्ग पर सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा करीब दो माह पहले 32 लाख रुपये की लागत से निर्मित पुलिया पहली ही बारिश में बह गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से बरखेड़ा और रंभावली गांवों के बीच संपर्क पूरी तरह टूट गया है। ग्रामीणों, किसानों और स्कूली छात्रों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण के दौरान ही घटिया गुणवत्ता और अनियमितताओं की शिकायतें की गई थीं। शिकायतों के बाद विभाग ने मरम्मत कार्य भी कराया, लेकिन पहली ही बारिश में पुलिया ध्वस्त हो जाने से निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।


घटना की सूचना मिलते ही PWD के सहायक अभियंता दयाराम मीणा मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने ठेकेदार को पुलिया का पुनर्निर्माण करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही बरसात के दौरान जल्द से जल्द आवागमन बहाल करने के निर्देश भी दिए।


इधर, राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के कार्यकर्ता एवं किसान नेता विकास जाट भी मौके पर पहुंचे और पुलिया का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य को घटिया बताते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए तथा दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।


महज दो माह में पुलिया के बह जाने से सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा मजबूत एवं टिकाऊ पुलिया के शीघ्र निर्माण की मांग की है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post