मंत्री निवास के बाहर हंगामा: मीडिया पहुंचते ही आशा सहयोगिनियों को मिला प्रवेश, महिलाओं ने उठाए सवाल
प्रतापगढ़। अपनी मांगों को लेकर अंबामाता स्थित मंत्री निवास पहुंचीं आशा सहयोगिनियों ने उस समय नाराजगी जताई जब उन्हें काफी देर तक अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। महिलाओं का कहना है कि वे सुबह 8 बजे से भीषण गर्मी में छोटे बच्चों के साथ इंतजार कर रही थीं, लेकिन मुलाकात नहीं करवाई गई।
आशा सहयोगिनियों के अनुसार, जब मीडिया मौके पर पहुंचा तो कुछ ही देर बाद उन्हें मंत्री निवास के अंदर बुला लिया गया। महिलाओं ने सवाल उठाया कि यदि मुलाकात संभव नहीं थी, तो मीडिया के पहुंचने के बाद ही उन्हें प्रवेश क्यों दिया गया? उनका आरोप है कि यदि मीडिया नहीं पहुंचता तो शायद उनकी बात नहीं सुनी जाती।
मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बताया कि मंत्री की तबीयत खराब होने के कारण मुलाकात में देरी हुई। वहीं आशा सहयोगिनियों ने सरकार पर बिना प्रशिक्षण के नया ऐप चलाने का दबाव बनाने और ऐसा नहीं करने पर नौकरी से हटाने की चेतावनी देने का भी आरोप लगाया।
आशा सहयोगिनियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन करेंगी।

Post a Comment