जिला छिंदवाड़ा mp
संतोष कुमार बाथरी
छिंदवाड़ा। नीट परीक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर फव्वारा चौक पर चल रहे अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन के बीच उस समय अनोखा दृश्य देखने को मिला, जब केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद एक समर्थक ने ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो के माध्यम से धरनास्थल पर मिठाई भिजवाई।
जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति ने जोमैटो के जरिए मिठाई का डिब्बा ऑर्डर किया। यह ऑर्डर जोमैटो राइडर विवेक मेश्राम को प्राप्त हुआ। लोकेशन फव्वारा चौक के पास दिखाई देने पर राइडर मौके पर पहुंचा और ग्राहक को फोन किया। ग्राहक ने राइडर से कहा कि धरने पर बैठे लोगों को यह मिठाई दे दें और बताया कि यह मिठाई धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खुशी में भेजी गई है।
इसके बाद धरनास्थल पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने मिठाई वितरित कर खुशी जाहिर की। उल्लेखनीय है कि छिंदवाड़ा में पिछले कई दिनों से नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्र एवं सामाजिक कार्यकर्ता अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं और शिक्षा व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं।
धरनास्थल पर मौजूद लोगों ने इसे अपने आंदोलन की नैतिक जीत बताते हुए कहा कि उनकी मांगों को लेकर देशभर में जनसमर्थन मिल रहा है। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
Post a Comment