लोकेशन-भुसावर भरतपुर
संवाददाता- परमसुख सैनी
भुसावर (भरतपुर)। भुसावर तहसील क्षेत्र के गढ़ी साद गांव में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौटे शिवभक्त कांवड़ियों का ग्रामवासियों द्वारा पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया गया।
हरिद्वार से पैदल पावन गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्तों का गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने जगह-जगह फूल-मालाओं से नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान गूंजते 'हर-हर महादेव' और 'जय भोलेनाथ' के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
इसके बाद सभी कांवड़ियों और श्रद्धालुओं ने गांव स्थित भोले बाबा के स्थान पर पहुंचकर जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर में क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना को लेकर विधि-विधान से हवन-यज्ञ तथा महाआरती का आयोजन किया गया।
धार्मिक अनुष्ठान के अंत में भगवान भोलेनाथ को भोग लगाकर विशाल प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे श्रद्धालुओं ने सहर्ष ग्रहण किया। इसके साथ ही यह पावन कांवड़ यात्रा भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और शिवभक्त उपस्थित रहे।
Post a Comment