गंगरार
चंद्र प्रकाश बिलवाल
गंगरार। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश के मुबारक मौके पर गंगरार में जश्ने ईद मिलादुन्नबी का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। बारह रबीउल अव्वल की चांद की 11 तारीख को जामा मस्जिद गंगरार में मिलाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।
अंजुमन कमेटी के सदर शब्बीर हुसैन रंगरेज ने बताया कि कार्यक्रम में खुशुशी मेहमान नातख्वां फैज अहमद ने नात पेश की। नासिर रजा ने तकरीर की, जबकि जामा मस्जिद गंगरार के इमाम कारी मोहम्मद इश्तियाक साहब ने भी तकरीर करते हुए पैगंबर साहब की शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर अंजुमन कमेटी गंगरार एवं आशिकाने रसूल कमेटी युवा संस्थान की ओर से सेवा करने वाले मोतबिरों तथा बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का इस्तकबाल कर हौसला अफजाई की गई।
चांद की 12 तारीख को आम मुस्लिम समाज के लोग जामा मस्जिद में एकत्रित हुए और जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस सदर बाजार, बस स्टैंड, लेवा ग्राउंड, पंचायत समिति मार्ग और आरसीबी के रास्ते होते हुए अली सैयद की दरगाह पहुंचा। इसके बाद अंबेडकर सर्किल होते हुए जुलूस पुनः इसी मार्ग से जामा मस्जिद चांदपोल पहुंचा। यहां मदरसे में आम मुस्लिम समाज के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
जुलूस के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी गंगरार की ओर से फूल बरसाकर जुलूस-ए-मोहम्मदी का स्वागत किया गया। जगह-जगह समाज के लोगों ने फल वितरित कर जुलूस में शामिल लोगों का इस्तकबाल किया। अली सैयद दरगाह पर कारी मोहम्मद इश्तियाक साहब ने तिलावत-ए-कुरान की और हुजूर की आमद पर फातिहाख्वानी की गई। इस दौरान हिंदुस्तान में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और सौहार्द की दुआ की गई।
जुलूस में शामिल मुस्लिम समाज के लोगों ने एक-दूसरे से मुसाफा कर ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी। अंजुमन कमेटी के सदर शब्बीर हुसैन रंगरेज ने प्रशासन एवं मीडिया कर्मियों को भी जश्ने ईद मिलादुन्नबी की मुबारकबाद दी।
Post a Comment