निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियां शुरू: आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनावों की तैयारियों को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने ली बैठक

 


जीला -प्रतापगढ 

तहसील -छोटीसादडी 

रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा 


सभी प्रकोष्ठ समयबद्ध कार्ययोजना के साथ करें तैयारी, निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष एवं सुचारू हो : जिला निर्वाचन अधिकारी


प्रतापगढ़, 7 अगस्त । आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी (कलेक्टर) शुभम चौधरी ने शुक्रवार को डीओआईटी के वीसी कक्ष में निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी अधिकारियों की तैयारी बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। 

इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जंगिड़, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजयेश कुमार पंड्या, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदेव सियाग, तहसीलदार (निर्वाचन) हितेश सांचीहर, निर्वाचन शाखा से विवेक राठौड़, गोकुल सिंह खानावत सहित सभी प्रकोष्ठों के प्रभारी मौजूद रहे। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करने के लिए गठित विभिन्न प्रकोष्ठों की जिम्मेदारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक प्रकोष्ठ अपनी जिम्मेदारियों का गहन अध्ययन करते हुए कार्ययोजना तैयार करे तथा सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य अत्यंत संवेदनशील एवं समयबद्ध प्रक्रिया है, इसलिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखते हुए प्रत्येक कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी से संपादित करें। उन्होंने  नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड विज़िट तथा समय-समय पर आयोजित होने वाली समीक्षा बैठकों के माध्यम से तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए।

जिला पुलिस अधीक्षक श्री जांगिड़ ने संबंधित प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा संबंधी सभी तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी समन्वय के साथ कार्य किया जाए।

बैठक में निर्वाचन शाखा, कार्मिक प्रबंधन, प्रशिक्षण, सामग्री प्रबंधन, मतदान दल गठन, वाहन प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता, मीडिया प्रबंधन, आईटी एवं संचार, मतदाता जागरूकता (स्वीप), व्यय निगरानी, शिकायत निवारण, नियंत्रण कक्ष, विधि-व्यवस्था, मतगणना, डाक मतपत्र, परिवहन, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा तथा अन्य निर्वाचन प्रकोष्ठों की जिम्मेदारियों एवं तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री पंड्या ने सभी प्रकोष्ठ प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप कार्यों की चेकलिस्ट तैयार करें, आवश्यक संसाधनों का पूर्व आकलन करें तथा विभागीय समन्वय के साथ किसी भी प्रकार की कमी या आवश्यकता से समय रहते जिला निर्वाचन शाखा को अवगत कराएं। 

बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने अपने-अपने प्रकोष्ठों से संबंधित कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की तथा आवश्यक व्यवस्थाओं एवं कार्ययोजना पर चर्चा की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करते हुए टीम भावना के साथ कार्य करें, ताकि आगामी नगरीय निकाय एवं पंचायतीराज चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराए जा सकें।

Comments