आईजी रीवा ने पुलिस अधीक्षक सभागार में किया खुलासा, सोना-चांदी, नकदी, दो बाइक और हथियार बरामद
सिंगरौली जिले में गुरुवार शाम जयंत के बजरंग कॉम्प्लेक्स स्थित ज्वेलरी दुकान में हथियारों के दम पर हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रीवा आईजी गौरव सिंह राजपूत ने पुलिस अधीक्षक सभागार में प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, दो मोटरसाइकिल और वारदात में इस्तेमाल हथियार बरामद किए गए हैं। घटना के दौरान बदमाशों की फायरिंग में दुकान का कर्मचारी घायल हुआ था।
जानकारी अनुसार ज्वेलरी दुकान में शाम करीब 5:50 बजे पांच अज्ञात बदमाश पिस्टल और कट्टे लहराते हुए दाखिल हुए। बदमाशों ने दुकान में मौजूद लोगों को धमकाकर मोबाइल छीन लिए। दुकान संचालक ने विरोध किया तो एक बदमाश ने उसके सिर पर कट्टे के बट से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद बदमाश दुकान से आभूषण और नकदी समेटने लगे। दो बदमाश दुकान के बाहर निगरानी कर रहे थे।
बदमाश दुकान से करीब 300 ग्राम सोने के आभूषण, 200 ग्राम चांदी के आभूषण और 2.50 लाख रुपए नकद लेकर फरार हुए। इसी दौरान दुकान कर्मचारी राहुल कुमार विश्वकर्मा ने बदमाशों को रोकने और पिस्टल पकड़ने का प्रयास किया। एक आरोपी ने उस पर फायर कर दिया। गोली राहुल के हाथ की कलाई में लगी, जिससे वह घायल हो गया। बदमाशों ने दुकान के बाहर निकलते समय भी कई राउंड फायर किए और दो मोटरसाइकिलों से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ आसपास के जिलों और सीमावर्ती राज्यों उत्तरप्रदेश व झारखंडकी पुलिस को अलर्ट किया। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन सहित संभावित रास्तों पर निगरानी के लिए पुलिस टीमें रवाना की गईं। एफएसएल और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल संदिग्ध बदमाश दो मोटरसाइकिलों से अनपरा की ओर जा रहे हैं। पुलिस टीमों ने उनका पीछा किया। अनपरा बस्ती के पहले एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई। पुलिस ने दो आरोपियों लकी कुमार पासवान एवं अनुराग कुमार चंद्रवंशी दोनों निवासी झारखंड को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने जयंत की ज्वेलरी दुकान में डकैती की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने इस घटना में घायल दोनों आरोपियां को नेहरू शताब्दी चिकित्सालय में भर्ती कराया है। वहीं उनके पास से एक अपाचे मोटरसाइकिल व 180.7 ग्राम सोना एवं 205.410 ग्राम चांदी समेत 54200 नगदी व लूटा गया वीवो कंपनी का मोबाइल बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस ने सूचना दी कि इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी रोशन स्वीपर निवासी सोनभद्र को भी पकड़ा गया। वह जवाबी फायरिंग में घायल हुआ था। जिसे पहले रेनुकोट अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां से उसकी हालत देखते हुए उसे रावटसगंज अस्पताल रेफर किया गया है। उसके कब्जे से भी मोटरसाइकिल व उसके हिस्से में आया सोना और नकदी बरामद हुई है।
सिंगरौली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र 6 घंटे के भीतर ही ज्वेलरी शॉप में हुई डकैती में चोरी हुआ करीब 200.7 ग्राम सोने के आभूषण, करीब 205.410 ग्राम चांदी के आभूषण, 1 लाख 4 हजार 200 रुपए नकद, वारदात में प्रयुक्त दो अपाचे मोटरसाइकिल, घायल व्यक्ति से छीना गया वीवो कंपनी का मोबाइल, एक पिस्टल और दो कट्टे बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग राज्यों में टीमें भेजी गई हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ शेष लूट की सामग्री बरामद करने के प्रयास जारी हैं।
.jpeg)
Post a Comment