लोकेशन - गंगरार
रिपोर्टर -चंद्र प्रकाश बिलवाल
गंगरार, 20 सितंबर। जीवन में खेलों का बड़ा महत्व है। खेलों से जीवन में अनुशासन, धैर्य, साहस, मेलजोल, परस्पर प्रेम एवं सौहार्द की भावना का विकास होता है। वहीं खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परचम फहराकर राष्ट्र को गौरवान्वित करते हैं। यह विचार बेगूं विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने रविवार को उपखंड क्षेत्र के बूढ़ स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित शिक्षा विभाग की 70वीं चार दिवसीय जिला स्तरीय छात्र-छात्रा हैंडबाल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। साथ ही माई स्कूल एवं हॉस्टल मे 14 वर्षीय खेलकूद हेंडबाल प्रतियोगिता मे 27 टीमों ने भाग लिया।
डॉ. धाकड़ ने प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा विजयश्री की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खेल मैदान पर ट्यूबवेल एवं पानी की टंकी तथा सामुदायिक भवन में भोजनशाला निर्माण कराने की घोषणा की। साथ ही सुदरी से बूढ़, जयसिंहपुरा एवं गणेशपुरा तक सड़क निर्माण कराने का आश्वासन भी दिया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. धाकड़ ने प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं के लिए भोजन एवं आवास व्यवस्था में सहयोग करने वाले भामाशाहों एवं दानदाताओं का उपरना पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे पूर्व जिला प्रमुख भैरुं सिंह चौहान ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आयोजक विद्यालय के कई खिलाड़ियों ने हैंडबाल के माध्यम से राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य राजेंद्र व्यास ने स्वागत उद्बोधन में बताया कि प्रतियोगिता में जिले की 40 टीमों के 447 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ एवं अन्य अतिथियों के आयोजन स्थल पहुंचने पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं, ग्राम पंचायत प्रशासक एवं ग्रामीणों ने फूलमालाओं, उपरनों एवं साफा बंधवाकर स्वागत-अभिनंदन किया।
उद्घाटन मैच बूढ़ एवं बेगूं के बीच खेला गया। विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया। उद्घाटन मुकाबले में बूढ़ की टीम ने 14-10 के स्कोर से जीत दर्ज की।

Post a Comment