जिला - चितौड़गढ़
तहसील - डूंगला
खबर लोकेशन - चिकारड़ा
रिपोर्टर - राजमल सोलंकी
चिकारड़ा में 11 दिवसीय गणपति महोत्सव की तैयारियां जोरों पर महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए गणपति महोत्सव समिति की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
चिकारड़ा। कस्बे में आयोजित होने वाले 11 दिवसीय गणपति महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। गणपति महोत्सव को ऐतिहासिक और भव्य बनाने के लिए गणपति महोत्सव समिति,बजरंग दल एवं समस्त ग्रामवासी की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। पूरे कस्बे को भगवा ध्वज, झंडियों और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जा रहा है। वहीं कस्बे के मंगलवाड़ सड़क मार्ग ओर निंबाहेड़ा सड़क मार्ग पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए गए हैं। कस्बे की गलियों और प्रमुख मार्गों को विद्युत लाइटों से सजाने का कार्य भी अंतिम चरण में है। जगह-जगह बैनर, पोस्टर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। महोत्सव को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। गणपति स्थापना के अवसर पर 14 सितंबर को भगवान गणेशजी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा सांवलियाजी चौराहा से शुरू होकर गणपति चौक पहुंचेगी। शोभायात्रा में महिलाओं द्वारा 701 कलश धारण किए जाएंगे। डीजे की धूम-धड़ाके और धार्मिक उत्साह के बीच निकलने वाली शोभायात्रा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगी।
11 दिनों तक होंगे विविध
आयोजन चिकारड़ा का गणपति महोत्सव पिछले कई वर्षों से जिले में अपनी विशेष पहचान बनाए हुए है। ग्यारह दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में प्रतिदिन गरबा, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न झांकियां, खेलकूद प्रतियोगिताएं, एकल नृत्य सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा बाहर से आने वाले कलाकारों द्वारा भी विशेष प्रस्तुतियां दी जाएंगी। महोत्सव के दौरान ग्रामीण अपनी ओर से अलग-अलग दिनों में महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था भी करेंगे। अंतिम दिन भव्य आतिशबाजी के साथ गणपति महोत्सव का समापन किया जाएगा। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए समिति अध्यक्ष उदय लाल गुर्जर एवं निर्मल लखारा ने बताया कि गणपति महोत्सव समिति द्वारा आयोजन को भव्य बनाने के लिए लगातार तैयारियां की जा रही हैं। समिति के सदस्य रात-रातभर जागकर ध्वज और झंडियां लगाने सहित अन्य व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए समिति के सदस्यों को विभिन्न व्यवस्थाओं में लगाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। ग्रामीणों की सहभागिता और युवाओं की सक्रिय भूमिका के चलते इस बार भी गणपति महोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं।
Post a Comment