चित्तौडगढ
रिपोर्टर - प्रवीण दवे
कांग्रेस का भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं : विधायक आक्या
चित्तौड़गढ़। नगर परिषद चुनाव-2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपना संकल्प पत्र जारी किया। शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में क्षेत्रीय सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि जनसंघ के समय से ही चित्तौड़गढ़ की जनता का आशीर्वाद भाजपा को मिलता रहा है और इस बार भी जनता रिकॉर्ड बहुमत के साथ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनाएगी।
सांसद जोशी ने कहा कि डबल इंजन सरकार द्वारा कराए गए विकास कार्य और शहर में उपलब्ध कराई गई मूलभूत सुविधाएं भाजपा की जीत का प्रमुख आधार बनेंगी। भाजपा जनभागीदारी, पारदर्शिता और विकास की नई दिशा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनने पर गंगा-गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट, गंभीरी माता की प्रतिमा सहित कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए जाएंगे।
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता एकजुट होकर नगर परिषद चुनाव लड़ रहे हैं और शहर में भाजपा के पक्ष में सकारात्मक माहौल है। उन्होंने कहा कि भाजपा का बोर्ड बनना तय है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आक्या ने कहा कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार किसी से छिपा नहीं है। भाजपा का संकल्प पत्र केवल चुनावी घोषणा नहीं, बल्कि चित्तौड़गढ़ को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाने का रोडमैप है।
संकल्प पत्र में कई बड़े विकास कार्यों का वादा
भाजपा के संकल्प पत्र में शहर के मध्य से गुजरने वाली रेलवे लाइन पर नवीन अंडरपास, गंगा-गंभीरी नदी पर रिवर फ्रंट एवं गंभीरी माता की प्रतिमा, शहर के प्रवेश स्थलों पर स्वागत एवं शौर्य द्वार सहित कई कार्य शामिल किए गए हैं।
इसके अलावा घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को मजबूत करने, यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने, आवश्यक स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग, व्यापारियों एवं ग्राहकों के लिए बेहतर पार्किंग, पेयजल एवं प्रकाश व्यवस्था तथा नागरिक शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने का वादा किया गया है।
संकल्प पत्र में नवीन ट्रांसपोर्ट नगर, चंदेरिया रेलवे लाइन पर ओवरब्रिज, चंदेरिया में स्टेडियम एवं आधुनिक सामुदायिक भवन, वार्डों से डंपिंग यार्ड हटाने, सार्वजनिक शौचालयों के नवीनीकरण तथा भेरड़ा माइंस से संगम महादेव तक नदी पर काजवे/पुलिया निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को शामिल किया गया है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी, जिला संगठन सह प्रभारी नरेन्द्र जैन, जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, चुनाव संयोजक सुशील शर्मा, सह संयोजक अनंत समदानी सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Post a Comment