उप पंजीयक के करीबी फोटोग्राफर और स्टाम्प वेंडर के बीच हुआ विवाद, दोनों पक्षों ने कोतवाली में दर्ज कराई शिकायत
सिंगरौली। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित उप पंजीयक कार्यालय में गुरुवार को उस समय हंगामा मच गया, जब जमीन रजिस्ट्रेशन से जुड़ी फाइल को लेकर स्टाम्प वेंडर और उप पंजीयक के करीबी बताए जा रहे एक फोटोग्राफर के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों द्वारा कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, पाठक ऑनलाइन के प्रोप्राइटर द्वारा दोपहर में जमीन रजिस्ट्रेशन से संबंधित फाइल उप पंजीयक अशोक सिंह परिहार के समक्ष प्रस्तुत की गई थी। आरोप है कि उप पंजीयक ने फाइल देखने के बजाय उसे फेंक दिया। इस पर स्टाम्प वेंडर द्वारा फाइल देखने का आग्रह किया गया।
इसी दौरान कार्यालय से बाहर निकले उप पंजीयक के करीबी बताए जा रहे एक फोटोग्राफर और स्टाम्प वेंडर के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। कार्यालय में मौजूद उप पंजीयक और अन्य स्टाम्प वेंडरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद दोनों पक्षों द्वारा कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
कार्यालय की कार्यप्रणाली पर भी उठे सवाल
घटना के बाद उप पंजीयक कार्यालय की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कुछ स्टाम्प वेंडरों का आरोप है कि कार्यालय में कुछ लोगों को कथित तौर पर विशेष सुविधा दी जाती है, जबकि अन्य वेंडरों के साथ भेदभाव और अभद्र व्यवहार किया जाता है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पूरे मामले में पुलिस जांच और संबंधित पक्षों के बयान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।..
Post a Comment