देर रात तक चला अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, गूंजती रहीं तालियां… मंच पर शैलेश लोढ़ा ने बांधा समां

 चित्तौड़गढ़

रिपोर्टर -प्रवीण दवे 


दीपक पारीक की कविताओं ने भी बटोरी वाहवाही, देर रात पहुंचे शैलेश लोढ़ा ने मोबाइल और सोशल मीडिया से दूर रहने का दिया संदेश


चित्तौड़गढ़  के सांवलिया जी में आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आगाज रात करीब 11 बजे हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने दीप प्रज्वलित कर कवि सम्मेलन का शुभारंभ किया।


देशभर से आए ख्यातनाम कवियों का उपरना और सांवरिया जी की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया। कवियों ने हास्य, व्यंग्य, गीत, भक्ति और देशभक्ति से जुड़ी रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं का मनोरंजन किया।


हालांकि कार्यक्रम के दौरान पांडाल में कई कुर्सियां खाली नजर आईं। 


वहीं साउंड सिस्टम में तकनीकी समस्या के चलते कई बार श्रोताओं तक कवियों की आवाज स्पष्ट रूप से नहीं पहुंच पाई। इससे कार्यक्रम के माहौल पर भी असर देखने को मिला।


दीपक पारीक ने अपनी प्रस्तुतियों से कुछ समय तक श्रोताओं को बांधे रखा। इसके बाद देर रात करीब 3 बजे कवि और अभिनेता शैलेश लोढ़ा मंच पर पहुंचे। उस समय तक पांडाल काफी खाली हो चुका था।


मंच पर आते ही शैलेश लोढ़ा ने एलईडी और कैमरे बंद करवाए और मीडिया द्वारा वीडियो क्लिप बनाए जाने पर भी रोक लगाई।


 इसके बाद उन्होंने अपनी खास शैली में बच्चों और युवाओं को मोबाइल से दूरी बनाने का संदेश दिया।

शैलेश लोढ़ा ने राजस्थान की भाषा और संस्कृति के महत्व पर भी बात रखी। उन्होंने कहा कि हम ट्रेन, बस या हवाई जहाज चलाने वाले व्यक्ति पर भरोसा कर आराम से सफर करते हैं और सो जाते हैं, लेकिन भगवान पर भरोसा करने में पीछे क्यों रहते हैं। उन्होंने युवाओं को जीवन के प्रति सकारात्मक सोच रखने और आत्महत्या जैसे कदम नहीं उठाने का संदेश दिया।

उन्होंने कवियों की कविता और पत्रकार की कलम की ताकत का भी उल्लेख करते हुए समाज में दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई।

कुल मिलाकर, देर रात तक चले इस कवि सम्मेलन में देशभर के कवियों ने अपनी रचनाओं से रंग जमाने की कोशिश की, लेकिन कम दर्शक संख्या और साउंड सिस्टम की समस्या पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बनी रही। वहीं शैलेश लोढ़ा की देर रात हुई प्रस्तुति और उनके संदेश ने कार्यक्रम को एक अलग अंदाज दिया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post