जिला -प्रतापगढ
तहसील-छोटीसादडी
रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा
छोटीसादड़ी। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन के अंतिम दिन राजनीतिक हलचल तेज रही। अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की ओर से दो और भाजपा की ओर से एक नामांकन प्रस्तुत किया गया। दिनभर नगर पालिका परिसर के आसपास दोनों दलों के समर्थकों की आवाजाही रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा। कांग्रेस की ओर से वार्ड नंबर 20 से नवनिर्वाचित पार्षद हरीश सोनी और वार्ड नंबर 21 से नवनिर्वाचित पार्षद सुमित चपलोत ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रस्तुत किया। दोनों ने रिटर्निंग अधिकारी यतिंद्र पोरवाल के समक्ष अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस दौरान पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष फातेमा बोहरा, पूर्व पार्षद अरविंद नाहर, नवनिर्वाचित पार्षद भरत खटीक और कैलाश शर्मा सहित कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे।
भाजपा पार्षद पुलिस सुरक्षा के बीच पहुंचे
वहीं, भाजपा की ओर से वार्ड नंबर 18 से नवनिर्वाचित पार्षद प्रदीप व्यास के नाम से अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रस्तुत किया गया। प्रदीप व्यास स्वयं नामांकन स्थल पर नहीं पहुंचे। उनकी ओर से वार्ड नंबर 15 से नवनिर्वाचित पार्षद सुरेश गुजराती ने रिटर्निंग अधिकारी यतिंद्र पोरवाल के समक्ष नामांकन पत्र प्रस्तुत किया।
नामांकन के दौरान भाजपा पार्षद सुरेश गुजराती पुलिस सुरक्षा के बीच नामांकन स्थल पर पहुंचे। उन्हें पुलिस वाहन में सुरक्षा के बीच रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष ले जाया गया, जहां प्रदीप व्यास के नाम का नामांकन पत्र प्रस्तुत किया गया। इस दौरान नगर पालिका परिसर के बाहर भी पुलिस का जाप्ता तैनात रहा।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद के लिए अब कांग्रेस के दो और भाजपा के एक प्रत्याशी के नाम सामने आए हैं। नामांकन के अंतिम दिन तीन नामांकन दाखिल होने से अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं। अब नामांकन पत्रों की जांच और आगे की प्रक्रिया के बाद अध्यक्ष पद के चुनाव की तस्वीर और स्पष्ट होगी।
प्रदीप व्यास की संपत्ति 2.82 करोड़, हरीश सोनी 2.18 करोड़ और सुमित चपलोत 15 लाख
भाजपा से 44 वर्षीय प्रदीप व्यास वार्ड नंबर 18 से नवनिर्वाचित पार्षद हैं। उन्होंने 10वीं तक शिक्षा प्राप्त की है और उनका व्यवसाय स्टील से जुड़ा है। चुनावी घोषणा के अनुसार उनकी संपत्ति करीब 2.82 करोड़ रुपए है।
वही, कांग्रेस से 50 वर्षीय हरीश सोनी वार्ड नंबर 20 से नवनिर्वाचित पार्षद हैं। उन्होंने 10वीं तक शिक्षा प्राप्त की है। वे सुनारी और कृषि कार्य से जुड़े हैं। घोषित जानकारी के अनुसार उनकी संपत्ति करीब 2.18 करोड़ रुपए है।
साथ ही कांग्रेस से 40 वर्षीय सुमित चपलोत वार्ड नंबर 21 से नवनिर्वाचित पार्षद हैं। उन्होंने बीएससी तक शिक्षा प्राप्त की है और मोबाइल दुकान का व्यवसाय करते हैं। घोषित जानकारी के अनुसार उनकी संपत्ति करीब 15 लाख रुपए है।
Post a Comment