उपली ओडन में इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे दिखा 7 फीट लंबा अजगर, अर्जुन सिंह ने अजगर का रेसक्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा। ग्रामीणों ने ली रात की सांस


 राजसमंद जिले के नाथद्वारा से गोविन्द त्रिपाठी की रिपोर्ट


नाथद्वारा। शहर के समीपवर्ती उपली ओडन क्षेत्र में  उस समय हड़कंप मच गया, जब इंजीनियरिंग कॉलेज के पीछे एक भारी-भरकम अजगर दिखाई दिया। करीब 7 फीट लंबे इस नर अजगर को देखकर स्थानीय ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।अजगर की मौजूदगी से सहमे ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी, लेकिन काफी देर तक विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। इस पर ग्रामीणों में भारी रोष पनप गया। परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए हेमंत पालीवाल ने मामले की जानकारी तुरंत उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई। उनके प्रयासों के बाद वन विभाग ने निजी वन्य जीव प्रेमियों की टीम को मौके पर भेजा।


वन्य जीव प्रेमियों की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित तरीके से अजगर का रेस्क्यू किया, जिसके बाद ग्रामीणों ने चैन की सांस ली। ग्रामीणों ने बताया कि यह अजगर पिछले काफी दिनों से कॉलेज परिसर के पीछे और आसपास के खेतों में घूम रहा था। यह अजगर लगातार क्षेत्र में आवारा श्वानों (कुत्तों) और बकरियों का शिकार कर रहा था, जिससे पालतू पशुओं के मालिकों और आमजन में दहशत का माहौल था। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ सुरक्षित स्थान पर ले गई। जानकारों के अनुसार यह नर अजगर काफी खतरनाक प्रकृति का था, समय रहते इसका रेस्क्यू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post