राजगढ़ (अलवर)। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने राजगढ़ का दौरा कर भारत माता सीएलएफ एवं सीएमटी सेंटर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने राजीविका उत्पादों की ब्रांडिंग को मजबूत करने और उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार तक अधिक पहुंच विकसित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
जिला कलेक्टर ने भारत माता सीएलएफ के निरीक्षण के दौरान विभिन्न गतिविधियों की जानकारी वीडियो क्लिप एवं प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को राजीविका उत्पादों की बेहतर मार्केटिंग और बिक्री के अवसर बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिला कलेक्टर ने राजगढ़ कस्बे के माचाड़ी सड़क मार्ग स्थित महल बाग में प्रस्तावित पार्क एवं लाइब्रेरी के स्थान का अवलोकन किया। उन्होंने एसडीएम सीमा मीना और नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी विक्रांत शर्मा से प्रस्तावित परियोजना के संबंध में जानकारी ली।
दौरे के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी यक्ष चौधरी, चेयरमैन रेखा देवी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment