जिलाधिकारी के निर्देश पर झलोखर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों ने की सराहना




 हमीरपुर। जनपद में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल के निर्देशों पर ग्राम झलोखर में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के अंतर्गत राजाराम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने झलोखर क्षेत्र में सड़क किनारे, परीक्षा केंद्र के आसपास तथा ग्राम क्षेत्र में व्याप्त गंदगी का संज्ञान लिया था। इस पर उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्काल प्रभाव से विशेष सफाई अभियान संचालित कर क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए थे।


जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीमती सुबोध जोशी के नेतृत्व में ग्राम झलोखर में लगातार दो दिनों तक व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत 10 सफाई कर्मियों एवं 2 जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क किनारे जमा कचरा, झाड़-झंखाड़, नालियों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई कराई गई। इस विशेष अभियान से ग्राम के लगभग 80 से 90 परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ तथा क्षेत्र में स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण सृजित हुआ।


ग्रामीणों ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही गंदगी की समस्या का प्रभावी समाधान हुआ है तथा गांव का स्वरूप पहले की अपेक्षा अधिक स्वच्छ एवं आकर्षक दिखाई दे रहा है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए जिलाधिकारी एवं जिला पंचायत राज विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।


इसी क्रम में भारत सरकार के ‘सेवा के 12 वर्ष’ अभियान के अंतर्गत 05 जून से 21 जून तक संचालित विशेष कार्यक्रमों के तहत जनपद की 110 से अधिक ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरा संग्रहण अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, स्वयं सहायता समूहों एवं आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। एकत्रित प्लास्टिक अपशिष्ट को वैज्ञानिक निस्तारण हेतु पौथिया स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट भेजा जा रहा है।


विकासखंड सुमेरपुर में ब्लॉक प्रमुख श्री जय नारायण द्वारा प्लास्टिक अपशिष्ट से भरे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर पौथिया स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के लिए रवाना किया गया। वहीं विकासखंड सरीला में भी विशेष अभियान संचालित कर प्लास्टिक कचरे का संग्रहण कराया गया तथा ई-रिक्शा एवं अन्य वाहनों के माध्यम से उसे निस्तारण हेतु भेजा गया। जनपद के अन्य विकासखंडों में भी आगामी दिनों में अभियान को और व्यापक रूप से संचालित करते हुए प्लास्टिक कचरे के संग्रहण एवं निस्तारण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


जिलाधिकारी के निर्देशों के प्रभावी अनुपालन से जनपद में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिल रही है। प्रशासन द्वारा जनसहभागिता को केंद्र में रखकर स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण के अनुकूल जनपद के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।


रिपोर्ट - गौरव कुमार 

संवाददाता हमीरपुर 


0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post