हमीरपुर। जनपद में संभावित बाढ़ की स्थिति के दृष्टिगत जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने शनिवार को बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम कल्पवृक्ष तटबंध का निरीक्षण किया। तटबंध के समीप जलभराव की स्थिति पाए जाने पर उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, हमीरपुर को तत्काल जल निकासी सुनिश्चित कराने तथा क्षेत्र में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने पुराना यमुना घाट पहुंचकर स्थानीय नागरिकों से संभावित बाढ़ के प्रभाव एवं पूर्व वर्षों की परिस्थितियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में निरंतर निगरानी बनाए रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित कर ली जाएं।
जिलाधिकारी ने मेरापुर से सिंह महेश्वर मंदिर मार्ग स्थित कटान प्रभावित स्थल का भी निरीक्षण किया तथा अधिशासी अभियंता, मौदहा बांध को निर्देश दिए कि संभावित बाढ़ के दौरान कटान से बचाव हेतु सभी सुरक्षात्मक एवं निवारक उपाय समयबद्ध ढंग से पूर्ण किए जाएं, जिससे जन-धन की क्षति को रोका जा सके।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने संगम क्षेत्र, भोला का डेरा, जौहरी का डेरा, केसरिया का डेरा तथा डिग्गी क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया और क्षेत्रीय आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने नगर पालिका परिषद को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की नालियों की समुचित सफाई कराने तथा जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यक स्थानों पर पाइप लगाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में संभावित जलभराव से निपटने के लिए उपलब्ध पम्पिंग सेटों की कार्यक्षमता का परीक्षण करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पम्पों की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी जल निकासी व्यवस्था अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल ने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा राहत एवं बचाव संबंधी तैयारियों को पूरी तरह अद्यतन रखें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार, अधिशासी अभियंता मौदहा बांध, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद, हमीरपुर, आपदा विशेषज्ञ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



إرسال تعليق