गंगरार के कुंवालिया मे , 16 जून 2026। राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कुंवलिया में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का आयोजन किया गया।
शिविर में राजस्व, पंचायती राज, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा, जनआधार, विद्युत एवं जलदाय विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर ग्रामीणों को आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं। इस दौरान प्राप्त प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर आमजन को राहत पहुंचाई गई।
शिविर में जनआधार में नाम जोड़ने, पालनहार योजना के नवीनीकरण, राजस्व संबंधी मामलों, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं तथा कृषि एवं पशुपालन विभाग से जुड़े प्रकरणों का त्वरित समाधान किया गया। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आवश्यक आवेदन भी प्राप्त किए गए।
अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने पर संतोष व्यक्त किया तथा राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना की।
ग्रामीण सेवा शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुगम, पारदर्शी एवं प्रभावी प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि लोगों को सरकारी कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और समय व धन की बचत हो सके।

Comments
Post a Comment