बारहवाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस जनपद हमीरपुर में उत्साहपूर्वक मनाया गया*




 हमीरपुर।भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार बारहवाँ अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस आज दिनांक 21 जून, 2026 को जनपद हमीरपुर में व्यापक जनभागीदारी के साथ उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग (Yoga for Healthy Ageing)" निर्धारित की गई है।


जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का आयोजन राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्री सोहन लाल श्रीमाली, उपाध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग, उत्तर प्रदेश द्वारा महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर श्रीमती माला श्रीवास्तव, सचिव एवं निदेशक, भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग उत्तर प्रदेश (नोडल अधिकारी), राज्यसभा सांसद श्री बाबूराम निषाद, सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति, भाजपा जिला प्रभारी/प्रदेश उपाध्यक्ष श्री देवेश कुमार कोरी, भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती शुक्ला निषाद, नगर पालिका परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद सहित अनेक गणमान्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों द्वारा सामूहिक योगाभ्यास कराया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आमजन ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। योगाभ्यास के माध्यम से नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का आधार बताते हुए इसके शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर प्रकाश डाला गया।


इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य विकास अधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष), जिला क्रीड़ाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। योगाभ्यास का संचालन आयुष विभाग एवं पतंजलि योग समिति के प्रशिक्षकों द्वारा किया गया।


योगाभ्यास के उपरांत माननीय प्रधानमंत्री जी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रसारित संदेश एवं संबोधन का सजीव प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया।


जनपद के समस्त तहसील मुख्यालयों, विकास खण्डों, नगर निकायों, आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, आयुष चिकित्सालयों तथा ग्राम पंचायतों में भी योग प्रशिक्षकों द्वारा योग सत्र आयोजित किए गए, जिनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने सहभागिता कर योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम का सफल संचालन एवं समन्वय आयुष विभाग द्वारा किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन ने जनपदवासियों में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post