दहेज प्रताड़ना से तंग महिला की संदिग्ध मौत, परिजनों ने पति व ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप

 

प्रतापगढ़। जिले के धोलापानी थाना क्षेत्र के मईडा रेल गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के पीहर पक्ष ने पति और ससुरालजनों पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों के अनुसार लालीबाई का विवाह करीब 7-8 वर्ष पूर्व भगतलाल मीणा निवासी मईडा रेल के साथ हुआ था। विवाह के बाद उसके दो बच्चे हुए। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति, ससुर और अन्य ससुरालजन अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। पीहर पक्ष का कहना है कि वर्ष 2025 में 50 हजार रुपये तथा मई 2026 में 20 हजार रुपये देने के बावजूद प्रताड़ना का सिलसिला जारी रहा।
परिजनों ने बताया कि 16 मई 2026 को देवर के विवाह समारोह में नोत करने पहुंचे रिश्तेदारों ने लालीबाई के बारे में पूछताछ की तो वह घर पर मौजूद नहीं मिली। इस दौरान परिवार के सदस्यों द्वारा दिए गए जवाबों से संदेह और गहरा गया। आरोप है कि विवाह समारोह के दौरान भी लालीबाई की कोई खोजबीन नहीं की गई और न ही उसकी गुमशुदगी की सूचना पुलिस या रिश्तेदारों को दी गई।
पीहर पक्ष ने यह भी आरोप लगाया है कि मृतका ने अपनी एक परिचित महिला को फोन पर बताया था कि उसका पति उसे लगातार परेशान कर रहा है, दूसरी महिला लाने की धमकी दे रहा है तथा जान से मारने की बात भी कह रहा है।
मामले में नया मोड़ तब आया जब 17 मई 2026 को जंगल में एक पेड़ से लटका हुआ लालीबाई का शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि शव करीब तीन दिन पुराना था। परिजनों का आरोप है कि लगातार प्रताड़ना के कारण या तो उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया अथवा उसे आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया।
पीहर पक्ष ने पति भगतलाल, ससुर चौखालाल, जेठ शंकरलाल, देवर विक्रम और तुलसीराम तथा सास मांगीबाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की वास्तविकता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Comments