पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में विद्यालय प्रबंध समिति का गठन

 

पी. एम. श्री. राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रायबरेली में शनिवार को विद्यालय प्रबंध समिति के गठन हेतु अभिभावकों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में लगभग 60 अभिभावकों ने सहभागिता करते हुए विद्यालय के विकास एवं छात्राओं के शैक्षिक उत्थान के लिए सुझाव दिए।


बैठक में सर्वसम्मति से रिंकी को अध्यक्ष एवं संजय सोनी को उपाध्यक्ष पद के लिए चुना गया। समिति में शिक्षाविद् के रूप में पूर्व शिक्षिका अमिता श्रीवास्तव, पुरातन छात्रा सदस्य के रूप में डॉ. समृद्धि राज, स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपासना दीक्षित तथा अन्य अभिभावक सदस्यों का चुनाव किया गया। शिक्षक सदस्यों के रूप में रचना सिंह, सिम्पी सिंह एवं संतोष कुमार पाल उपस्थित रहीं। 


समिति के गठन के उपरांत विद्यालय की वार्षिक कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में ईको क्लब, गणित-विज्ञान क्लब, करियर क्लब, एम. एन. एम. क्लब, छात्रवृत्ति, क्रीड़ा प्रभारी शिक्षिकाओं ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षिक एवं सह-शैक्षिक गतिविधियों की जानकारी देते हुए छात्राओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपासना दीक्षित ने किशोरियों के स्वास्थ्य की जानकारी देते हुए टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।


प्रधानाचार्या डॉ. स्मिता मिश्रा ने बैठक में कंपोजिट ग्रांट के बारे में विचार-विमर्श किया। लैब मटेरियल, पेयजल, वाई-फाई, स्वच्छता व साफ-सफाई एवं शिक्षण सहायक सामग्री के अंतर्गत की गई कार्ययोजना के बारे में विचार किया गया। प्रधानाचार्या ने बैठक में पीएम श्री योजना के अंतर्गत प्राप्त विभिन्न मदों के अनुदान, उनके उपयोग तथा वर्षभर संचालित की जाने वाली कार्ययोजनाओं से अभिभावकों को अवगत कराया।


साथ ही छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति, नामांकन वृद्धि, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, सुरक्षित एवं प्रेरणादायी विद्यालयी वातावरण तथा छात्राओं के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया। अनेक अभिभावकों ने विद्यालय के विकास में सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्या सुमन सिंह एवं सुनीता सिंह सहित अन्य सभी शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।

Comments