"जंगल में पेड़ पर लटका मिला एक दिन पहले लापता युवक का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।"

 

लोकेशन  चित्तोडगढ 

रिपोर्ट:  प्रवीण दवे 


चित्तौड़गढ़:जिले के मंडफिया थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां जंगल में एक दिन पहले लापता हुए युवक का शव पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।


जानकारी के अनुसार, मंगलवाड़ निवासी 26 वर्षीय ओमप्रकाश खटीक, जो लोडिंग टेंपो चालक था, रविवार शाम घर से सांवलियाजी की ओर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन बंद मिला।

सोमवार सुबह मंडफिया थाना क्षेत्र के घोड़ाखेड़ा वाडजी के समीप जंगल में एक पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसका मोबाइल फोन और जूते भी बरामद हुए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला चिकित्सालय भिजवाया।

परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। समाजजनों ने भी पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post