कोटपूतली
रिपोर्ट रमेश बंसल मुन्ना
जिले में महिला सुरक्षा और उनके सम्मान को बढ़ावा देने के लिए पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला पुलिस द्वारा विशाल पैदल मार्च और जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। ‘‘महिला सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता’’ और ‘‘नारी का सम्मान करें, सुरक्षित समाज का निर्माण करें’’ के संकल्प के साथ शुरू हुए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सचेत करना है।
अधिकारियों के नेतृत्व में एकजुट हुआ पुलिस बल व छात्रायें :- यह विशाल जागरूकता अभियान जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह व एएसपी नाजिम अली खान के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। पैदल मार्च का नेतृत्व डीएसपी लक्ष्मी सुथार, एएचटीयू प्रभारी अनीता, महिला थानाधिकारी रजनी, एंटी रोमियो प्रभारी कविता व महिला हैड कांस्टेबल मुकेश रानी ने किया। इस मार्च में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, जिले के विभिन्न थानों में पदस्थापित महिला पुलिसकर्मी, पुलिस बल के जवान और कॉलेज की छात्राओं सहित आमजन ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
पुलिस ने साफ किया कि महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के तहत इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अपराधियों में डर और आमजन में विष्वास कायम रह सके।
Post a Comment