रिपोर्ट रमेश बंसल मुन्ना
कोटपूतली
जन शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी – अपर्णा गुप्ता
जिला कलेक्टर अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला जन अभियोग निराकरण एवं सतर्कता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आमजन से प्राप्त परिवादों, जनसुनवाई, समिति में दर्ज प्रकरणों, राजस्थान संपर्क 2.0 पर दर्ज शिकायतों, विभागीय लंबित प्रकरणों तथा राज्य सरकार की प्राथमिकता वाली योजनाओं एवं अभियानों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला कलेक्टर ने कहा कि जन शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुशासन की मूल भावना है। प्रत्येक अधिकारी जन समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब, औपचारिकता अथवा लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। प्रत्येक प्रकरण का तथ्यात्मक परीक्षण कर शिकायतकर्ता को संतोषजनक राहत प्रदान की जाए।
जिला कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य विभागों के सार्वजनिक उपयोग के जर्जर भवनों का सर्वे शीघ्र पूर्ण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे भवनों को चिन्हित कर आवश्यक सुरक्षा उपाय तत्काल किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण, एएसपी नाजिम अली, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोपाल लाल मीणा, नगर परिषद आयुक्त अरुण शर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment