लोकशन/मण्डला
मंडला जिले के कान्हा टाइगर रिजर्व के बफर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ एक तेंदुआ ग्रामीण के घर में घुस गया। यह घटना परिक्षेत्र सिझोरा के ग्राम खटोला की है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम परिक्षेत्र अधिकारी अभिषेक दुबे के नेतृत्व में तत्काल मौके पर पहुँची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
सहायक संचालक आशीष कुमार पाण्डेय और वन्यजीव स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संदीप अग्रवाल की मौजूदगी में तेंदुए को सुरक्षित तरीके से निश्चेत करने की योजना बनाई गई। क्षेत्र संचालक रविन्द्र मणि त्रिपाठी एवं उपसंचालक अमिता के. बी. की उपस्थिति में तेंदुए का सफल रेस्क्यू किया गया।
वन विभाग के अनुसार तेंदुए के शरीर पर कुछ चोटों के निशान पाए गए, जिसके बाद मौके पर ही उसका प्राथमिक उपचार किया गया। बाद में उसे आगे के उपचार और स्वास्थ्य परीक्षण के लिए मुक्की वन्यजीव चिकित्सालय भेज दिया गया।
रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए थे। भीड़ को नियंत्रित करने और अभियान को सुरक्षित ढंग से पूरा कराने में पुलिस विभाग ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के आबादी क्षेत्र में आने पर उसे घेरने या भगाने का प्रयास न करें और तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
Post a Comment