अलवर
जिले की रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पाली में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर है। आक्रोशित ग्रामीणों ने भाजपा और कांग्रेस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए विधायक सुखवंत सिंह के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों ने साफ कहा कि जब तक गांव की सड़क नहीं बनती, तब तक किसी भी कांग्रेस और भाजपा के नेता को गांव में आने और घुसने नहीं दिया जाएगा। ग्रामीणों में विधायक के प्रति पूर्ण आक्रोश है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पाली गांव का मुख्य रास्ता पिछले कई सालों से गड्ढों और कीचड़ से भरा है। बरसात में स्थिति और खराब हो जाती है। इस समस्या को लेकर विधायक को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिले और धरातल पर कुछ नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों ने बताया कि छोटे-छोटे बच्चे स्कूल जाते समय रोजाना कीचड़ में गिर जाते हैं। अब तक कई बच्चों को चोट भी आ चुकी है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी सुनने वाला कोई नहीं है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द रास्ते की मरम्मत नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और चुनाव में इसका जवाब देंगे।
Post a Comment