कोटपूतली
जिला पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरूवार को बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया गया। पुलिस मुख्यालय व जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के निर्देशन में चलाये जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एन.डी.पी.एस. एक्ट के 08 अलग-अलग मामलों में जप्त किए गए मादक पदार्थों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है। जिला स्तरीय कमेटी की मौजूदगी में विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए इस पूरे माल को मोहनपुरा-जोधपुरा स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के किलन (भट्टी) में जलाकर खाक किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में मुख्य रूप से 10 किलोग्राम 809 ग्राम डोडा पोस्त और गांजा शामिल था। इसके अलावा भारी मात्रा में नशीली दवाएं भी नष्ट की गईं, जिनमें 48,648 प्रतिबंधित कैप्सूल और 10 नशीली सिरप (शीशियां) शामिल हैं। यह कार्यवाही जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह की अध्यक्षता में गठित विशेष कमेटी द्वारा संपन्न कराई गई। कमेटी में एएसपी नाजिम अली खान, अपराध सहायक सोहनलाल शामिल रहे। इस दौरान मौके पर सरूण्ड थानाधिकारी यशपाल सिंह, बहरोड़ थाने के स.उ.नि. देशराज यादव, कोटपूतली थाने के स.उ.नि. राजेन्द्र सिंह व नीमराना थाने की हैड कांस्टेबल कविता सहित अल्ट्राटेक सीमेंट फैक्ट्री के अधिकारी, कर्मचारी व थानों के मालखाना इंचार्ज मौजूद थे। इन सभी के सहयोग से पूरी विधिक प्रक्रिया को पारदर्शिता के साथ पूरा किया गया। जिला पुलिस ने आमजन से कहा है कि यदि क्षेत्र में कहीं भी अवैध मादक पदाथों की खरीद-फरोख्त, बिक्री या तस्करी की गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले नागरिक की पहचान पूरी तरह से गुप्त और गोपनीय रखी जायेगी।
रिपोर्ट रमेश बंसल मुन्नाबाइट-मुकेश जैमन, संयोजक, राजगढ़ आवाज मंच
إرسال تعليق