जिला - चितौड़गढ़
तहसील - डूंगला
खबर लोकेशन - चिकारड़ा
रिपोर्टर - राजमल सोलंकी
नन्हे कावड़िया रहे आकर्षण का केन्द्र
भोले के जयकारों से गूंजा कस्बा, महादेव मंदिर में जलाभिषेक
चिकारड़ा।चिकारड़ा में सावन के महीने में सोमवार सुबह एक बार फिर शिवभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सुबह होते ही बड़ी संख्या में शिव भक्त चमत्कारी बालाजी मंदिर परिसर सावलिया जी चौराहा पहुंचे और कांवड़ ली श्रद्धालुओं ने यहां से कांवड़ में पवित्र जल भरा और "हर-हर महादेव" के जयकारों के साथ यात्रा शुरू की। पूरे रास्ते भक्ति गीत गूंजते रहे और कांवड़िए नाचते-गाते आगे बढ़ते रहे। यात्रा के दौरान माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। रास्ते में लोगों ने भी कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया और कई श्रद्धालु यात्रा में शामिल होकर भोलेनाथ के जयकारे लगाते रहे।
सावन के सोमवार की तरह इस बार भी सुबह से ही कस्बे में आस्था और उत्साह का अलग ही माहौल देखने को मिला।
चमत्कारी बालाजी मंदिर परिसर से जल भरकर कांवड़िए लेकर धनेश्वर महादेव मंदिर यात्रा के लिए तैयार हुए
कांवड़ यात्रा सावलिया जी चौराहा पर स्थित चमत्कारी बालाजी मंदिर से शुरू हुई। यहां श्रद्धालुओं ने कांवड़ में पवित्र जल भरने के बाद 25 किमी लंबी दूरी तय करने के लिए धनेश्वर महादेव पैदल यात्रा शुरू की।
कस्बे सहित रास्तेभर भक्त शिव भजनों पर झूमते रहे और भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े। मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने कांवड़ में लाए गए जल से शिवलिंग का जलाभिषेक किया। परिवार की सुख-समृद्धि, अच्छी बारिश और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का सिलसिला लगातार चलता रहा। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ इस धार्मिक आयोजन में भाग लिया। महिलाओं की संख्या इस दौरान ज्यादा देखने को मिली।
सावन में जिलेभर में बढ़ी कांवड़ यात्राओं की रौनक
सावन के महीने में चिकारड़ा कस्बा ही नहीं, क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में भी कांवड़ यात्राओं का सिलसिला शुरू हो गया है। विभिन्न धार्मिक संगठनों और समाजों की ओर से अलग-अलग दिनों में कांवड़ यात्राएं निकाली जा रही हैं।
श्रद्धालु आसपास के पवित्र जल स्रोतों से जल भरकर अपने क्षेत्र के शिव मंदिरों तक पहुंच रहे हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर रहे हैं। सावन के कारण इन दिनों सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है।
पूजा, आरती और जलाभिषेक का क्रम लगातार जारी है। कांवड़ यात्राओं के कारण पूरे क्षेत्र में भक्ति का माहौल बना हुआ है। हर-हर महादेव के जयकारों, भजनों और श्रद्धालुओं की आस्था के बीच सावन का यह पर्व लोगों को एक साथ जोड़ने का भी काम कर रहा है। आने वाले दिनों में भी आसपास गांवों के अलग-अलग क्षेत्रों से कांवड़ यात्राएं निकलेंगी और शिवालयों में जलाभिषेक का सिलसिला जारी रहेगा।
Post a Comment