जिला -प्रतापगढ
तहसील -छोटीसादडी
रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा
प्रतापगढ़, 6 अगस्त। मानसून के दौरान मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में "स्वास्थ्य दल आपके द्वार" अभियान का शुभारंभ कर दिया गया है। 4 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के पहले दिन जिलेभर में स्वास्थ्य दलों ने घर-घर पहुंचकर सर्वे, डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेक, सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वल, एंटी एडल्ट तथा जनजागरूकता को (आईईसी) गतिविधियां प्रारंभ कीं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा के निर्देशन में संचालित इस अभियान का नेतृत्व डिप्टी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ. विनोद कुमार खांट कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में विशेष रूप से उन क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई है, जहां गत वर्ष मलेरिया के मामले सामने आए थे। इन संवेदनशील क्षेत्रों में स्वास्थ्य दलों ने घर-घर जाकर मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों की पहचान कर उन्हें नष्ट कराया तथा आमजन की सहभागिता से एंटी लार्वा एवं सोर्स रिडक्शन गतिविधियां संपादित कीं।
डॉ. जीवराज मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान आशा, एएनएम, एलएचवी, पीएचएन, हेल्थ मैनेजर एवं सीएचओ की सुपरवाइजरी टीमों के नेतृत्व में स्वास्थ्य दल घर-घर सर्वे कर रहे हैं। सर्वे के दौरान बुखार से पीड़ित व्यक्तियों की पहचान कर मलेरिया की जांच के लिए रक्त पट्टिका (ब्लड स्लाइड) भी बनाई जाएगी, ताकि समय पर रोग की पुष्टि कर उपचार सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित किया गया है। आगामी दिनों में नगर निगम, नगरपालिकाओं एवं पंचायती राज संस्थाओं के सहयोग से नालियों की साफ-सफाई, गंदे पानी के स्रोतों में एमएलओ का छिड़काव, जलभराव वाले स्थानों की सफाई, शहरी क्षेत्रों में फॉगिंग तथा आवश्यकतानुसार अन्य मच्छररोधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। शहरी क्षेत्रों में नगर निगम के सेनेटरी इंस्पेक्टर एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यरत पब्लिक हेल्थ मैनेजर (पीएचएम) के समन्वय से अभियान की गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जाएगा। साथ ही अभियान के दौरान सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वल, एंटी एडल्ट एवं आईईसी गतिविधियों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग मरुधरा ऐप के माध्यम से की जाएगी।
उन्होंने बताया कि जिन घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में मच्छरों का लार्वा पाया जाएगा, वहां नियमानुसार नोटिस एवं चालान की कार्रवाई भी की जाएगी।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे स्वास्थ्य दलों का सहयोग करें, घरों में पानी का ठहराव न होने दें, कूलर, टंकियों एवं अन्य जल संग्रहण स्थलों की नियमित सफाई करें तथा सप्ताह में एक दिन "ड्राई डे" मनाकर मच्छरों की उत्पत्ति रोकने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।
إرسال تعليق