मुण्डयारा की 41 बेटियों ने रचा इतिहास: शीते कुंड से जल लाकर पंचमुखी हनुमान मंदिर में किया भोलेनाथ का जलाभिषेक


 रिपोर्टर- परमसुख सैनी 

लोकेशन- भुसावर 

भुसावर - मुण्डयारा गांव में भक्ति, आस्था और महिला सशक्तिकरण की एक अद्भुत मिसाल देखने को मिली। क्षेत्र के इतिहास में पहली बार 41 बेटियों द्वारा निकाली गई ऐतिहासिक डाँक काँवड़ यात्रा बल्लभगढ़ स्थित पवित्र शीते कुंड से जल लेकर शिव परिवार पंचमुखी हनुमान मंदिर मुण्डयारा पहुँची। काँवड़ यात्रा के गाँव पहुँचने पर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर शिव भक्त बेटियों का भव्य स्वागत किया। इसके पश्चात बेटियों ने पूर्ण विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र में खुशहाली, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

जयकारों से गुंजायमान हुआ मार्ग, झूम उठे श्रद्धालु

शीते कुंड से शुरू हुई यह डाँक काँवड़ यात्रा जिस मार्ग से भी गुजरी, पूरा वातावरण 'हर-हर महादेव', 'बम-बम भोले' और 'जय शिव शंभू' के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। हाथों में जल से भरी काँवड़ लिए बेटियाँ पूरी निष्ठा और उत्साह के साथ लगातार कदम बढ़ाती रहीं। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय निवासियों और भामाशाहों द्वारा काँवड़ियों के लिए जलपान, फल और पुष्प वर्षा की व्यवस्था की गई।

गाँव पहुँचने पर हुआ भावुक व भव्य स्वागत

जैसे ही डाँक काँवड़ यात्रा मुण्डयारा सीमा में प्रवेश हुई, ढोल-नगाड़ों की थाप और धार्मिक भजनों के साथ ग्रामीणों ने काँवड़ियों का अभिनंदन किया। बेटियों के इस कठोर तप और अपार श्रद्धा को देखकर हर कोई अभिभूत नज़र आया। वृद्धजनों और महिलाओं ने बेटियों पर अक्षत व फूल बरसाकर उन्हें आशीर्वाद दिया।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم