जिला कलक्टर का मिशन सशक्ति : अब थानों का भ्रमण करेंगी स्कूली बालिकाएं, जानेंगी पुलिस की कार्यप्रणाली*

 



जीला -प्रतापगढ 

तहसील -छोटीसादडी 

रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा 

थानों, एसपी कार्यालय, कलेक्ट्रेट व वन स्टॉप सेंटर के भ्रमण से बढ़ेगा आत्मविश्वास, सुरक्षा व्यवस्थाओं की मिलेगी जानकारी


थानों से लेकर वन स्टॉप सेंटर तक, सुरक्षा व्यवस्था को करीब से समझेंगी बालिकाएं  


प्रतापगढ़, 7 अगस्त। बालिकाओं को जागरूक, निडर, सशक्त एवं सुरक्षित बनाने की दिशा में जिला कलक्टर शुभम चौधरी द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के तहत मिशन सशक्ति की शुरुआत की है। ‘मिशन सशक्ति’ के तहत 9वीं से 12वीं कक्षा की बालिकाओं को पुलिस थानों सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं सुरक्षा संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बालिकाओं के मन में पुलिस को लेकर व्याप्त भय एवं भ्रांतियों को दूर करना, उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित करवाना तथा आवश्यकता के समय बिना झिझक पुलिस एवं प्रशासन तक पहुंचने के लिए आत्मविश्वास प्रदान करना है।


सहायक निदेशक महिला अधिकारिता नेहा माथुर ने बताया कि कई बार समस्या अथवा किसी अप्रिय परिस्थिति का सामना करने पर बालिकाएं पुलिस के पास जाने में संकोच या झिझक महसूस करती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग एवं महिला अधिकारिता विभाग के समन्वय से ‘मिशन सशक्ति’ के अंतर्गत यह नवाचार किया जा रहा है। इसके तहत राजकीय विद्यालयों की कक्षा 9वीं से 12वीं की बालिकाओं को पुलिस थानों का शैक्षणिक भ्रमण करवाकर उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली, शिकायत एवं प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया तथा महिला सुरक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी दी जा रही है।


सभी पुलिस सर्किल में किया भ्रमण, शिकायत दर्ज होने से निस्तारण तक की प्रक्रिया को समझा  


इसी क्रम में शुक्रवार को जिले के सभी पुलिस सर्किल अरनोद, पीपलखूंट, धरियावद, छोटीसादड़ी एवं प्रतापगढ़ में बालिकाओं का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। प्रतापगढ़ उपखंड की राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बसाड़ एवं लुहारिया की बालिकाओं ने महिला थाने का भ्रमण किया। यहां उन्हें प्रकरण प्राप्त होने से लेकर पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही थाने में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र की कार्यप्रणाली एवं बालिकाओं एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सहायता के बारे में बताया गया।



बालिकाओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का भी भ्रमण किया, जहां उन्हें साइबर सेल, जिला विशेष शाखा, अभय कमांड सेंटर एवं महिला यौन अपराध निवारण प्रकोष्ठ सहित विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई। इसके पश्चात जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय का भ्रमण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को समझा। भ्रमण के अंतिम चरण में वन स्टॉप सेंटर पहुंचकर बालिकाओं ने वहां महिलाओं एवं बालिकाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं एवं सहायता के बारे में जानकारी प्राप्त की।


इसी प्रकार छोटीसादड़ी में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय गोमाना, अरनोद में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय (महल स्कूल), पीपलखूंट में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तथा धरियावद में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की कक्षा 9वीं से 12वीं की बालिकाओं को संबंधित पुलिस थानों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया गया। इस दौरान बालिकाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली, शिकायत एवं प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया तथा थानों में संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم