सिंगरौली। जयंत:- कोल इंडिया एससी/एसटी एम्पलाइज एसोसिएशन (सिस्टा) में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव सामने आया है। सिस्टा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.पी. खाण्डे और राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार कनौजिया की ओर से 17 अगस्त 2026 को एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) को पत्र भेजकर एनसीएल सिस्टा अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार को पद से हटाने की जानकारी दी गई है।
संगठन की ओर से जारी पत्र में वीरेन्द्र कुमार पर संगठन के निर्देशों और निर्णयों की लगातार अवहेलना करने तथा निर्धारित कार्यप्रणाली का पालन नहीं करने के आरोप लगाए गए हैं। पत्र के मुताबिक, उन्हें पहले स्पष्टीकरण पत्र भी जारी किया गया था, लेकिन संगठन ने उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाया।
संगठन ने तत्काल प्रभाव से पद से हटाया
पत्र में कहा गया है कि संगठन के हित, अनुशासन और एकता को ध्यान में रखते हुए वीरेन्द्र कुमार को सिस्टा एनसीएल के अध्यक्ष पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही उनके संगठन से जुड़े विधिक, आर्थिक और पत्राचार संबंधी अधिकारों पर रोक लगाने की बात कही गई है।
अशोक कुमार को मिली एनसीएल सिस्टा की कमान
संगठनात्मक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सिस्टा एनसीएल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अशोक कुमार, जो दुधीचुआ क्षेत्र में उच्च श्रेणी लिपिक ग्रेड-1 के पद पर कार्यरत हैं, को अगले आदेश तक एनसीएल सिस्टा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
सदस्यता शुल्क से लेकर लेटर पैड तक बदले नियम
इससे पहले सिस्टा की एनसीएल शाखा ने संगठन की कार्यप्रणाली में कई बदलावों की जानकारी दी थी। संगठन के मुताबिक, राष्ट्रीय अधिवेशन में 104 सदस्यों की सहमति से नए दिशा-निर्देश तय किए गए। इनमें सदस्यता शुल्क 120 रुपए से बढ़ाकर 400 रुपए, प्रत्येक परियोजना के लिए अलग लेटर पैड और अलग बैंक खाता रखने का निर्णय शामिल है।
साथ ही संगठन ने स्पष्ट किया है कि सिस्टा का कोई पदाधिकारी किसी अन्य ट्रेड यूनियन में मुख्य पदाधिकारी का पद नहीं संभालेगा। पुराने परियोजना लेटर पैड को भी निरस्त कर नए निर्धारित लेटर पैड के इस्तेमाल के निर्देश दिए गए हैं।
अब नजर संगठन की अगली कार्रवाई पर
वीरेन्द्र कुमार को हटाने और अशोक कुमार को नई जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद एनसीएल में सिस्टा की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर आगे की तस्वीर महत्वपूर्ण होगी। राष्ट्रीय नेतृत्व ने एनसीएल प्रबंधन से नवनियुक्त अध्यक्ष को सहयोग देने का अनुरोध किया है, ताकि औद्योगिक संबंध और संगठनात्मक सद्भाव बनाए रखा जा सके।
नई जिम्मेदारी मिलने पर अशोक कुमार ने जताया आभार
नई जिम्मेदारी के लिए सिस्टा एनसीएल के नवनियुक्त अध्यक्ष अशोक कुमार ने राष्ट्रीय अध्यक्ष आर.पी. खाण्डे, राष्ट्रीय महासचिव राजकुमार कनौजिया एवं एनसीएल के संरक्षक तथा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष समारू प्रसाद कौशल के प्रति आभार व्यक्त किया। अशोक कुमार ने कहा कि संगठन ने जो विश्वास जताते हुए उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी है, वह उसका पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने संगठन की एकता, अनुशासन और कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही।
प्रमुख पदाधिकारी एवं सदस्य रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रमुख रूप से संयुक्त महामंत्री सोनू , डीडी सिंह , रामकिशोर , एनसीएल कोषाध्यक्ष डीडी राम , रत्नेश कुमार , परचन प्रसाद , रोहित गौतम , सूबेदार भारती , नंदलाल , अरविंद साकरकर , कर्मवीर भारती , अनिल दुफारे एवं ज्योतिष गजभिए सहित अन्य सभी सदस्य उपस्थित रहे।
إرسال تعليق