छोटीसादड़ी क्षेत्र से पूर्व में संचालित एवं वर्तमान में बंद रोडवेज बस सेवाओं को पुनः शुरू करवाने तथा राष्ट्रीयकृत मार्ग पर पर्याप्त बस संचालन करवाने के संबंध में।

 

जिला -प्रतापगढ

तहसील-छोटीसादडी

रिपोटर-प्रहलाद जणवा



माननीय उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री महोदय,

राजस्थान सरकार, जयपुर।

महोदय,

सविनय निवेदन है कि छोटीसादड़ी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्व में विभिन्न मार्गों पर राजस्थान रोडवेज की बसों का संचालन किया जाता था। वर्तमान में कई बस सेवाएं बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


उदयपुर डिपो से पूर्व निर्धारित सेवाएं—


* सुबह 6:00 बजे उदयपुर से वाया कानोड़, भींडर, बड़ीसादड़ी, छोटीसादड़ी होते हुए नीमच।

* सुबह 7:45 बजे नीमच से छोटीसादड़ी, बड़ीसादड़ी, कानोड़, भींडर होते हुए उदयपुर।

* सुबह 7:00 बजे उदयपुर से वाया मंगलवाड़, डूंगला, बड़ीसादड़ी, छोटीसादड़ी।

* सुबह 10:00 बजे उदयपुर से वाया मंगलवाड़, डूंगला, बड़ीसादड़ी, छोटीसादड़ी।


प्रतापगढ़ डिपो से—


* सुबह 5:30 बजे प्रतापगढ़ से राजसमंद वाया सांवलियाजी, कपासन।

* दोपहर 3:15 बजे प्रतापगढ़ से छोटीसादड़ी, बड़ीसादड़ी, डूंगला, मंगलवाड़ होते हुए उदयपुर।

* सुबह 9:15 बजे भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, निम्बाहेड़ा, छोटीसादड़ी, प्रतापगढ़, बांसवाड़ा, बड़ौदा होते हुए सूरत।


चित्तौड़गढ़ डिपो से—


* सुबह 9:15 बजे चित्तौड़गढ़ से निम्बाहेड़ा, छोटीसादड़ी होते हुए नीमच।


इनमें से कई सेवाओं के बंद होने से छोटीसादड़ी क्षेत्र के यात्रियों को निजी एवं अवैध वाहनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। विशेष रूप से बड़ीसादड़ी-छोटीसादड़ी क्षेत्र में राष्ट्रीयकृत मार्ग पर रोडवेज बसों की पर्याप्त संख्या नहीं होने के कारण यात्रियों से निर्धारित किराए से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं।


जानकारी के अनुसार जहां रोडवेज का किराया करीब 35 रुपए है, वहीं कुछ निजी वाहन यात्रियों से करीब 50 रुपए तक किराया वसूल रहे हैं। राष्ट्रीयकृत मार्ग पर वर्तमान में पर्याप्त रोडवेज बस सेवा नहीं होने से आमजन को मजबूरी में इन वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।


छोटीसादड़ी क्षेत्र से बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रतिदिन बड़ीसादड़ी, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर एवं प्रतापगढ़ सहित अन्य स्थानों पर आवागमन करते हैं। बस सेवाओं के अभाव में उन्हें समय और आर्थिक दोनों रूप से परेशानी उठानी पड़ रही है।


अतः आपसे विनम्र निवेदन है कि—


छोटीसादड़ी से बंद की गई रोडवेज बस सेवाओं की समीक्षा करवाकर उन्हें पुनः संचालित करवाया जाए।


 उदयपुर, प्रतापगढ़ एवं चित्तौड़गढ़ डिपो की पूर्व निर्धारित सेवाओं को प्राथमिकता से बहाल किया जाए।


 छोटीसादड़ी-बड़ीसादड़ी-निम्बाहेड़ा-नीमच मार्ग पर रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाई जाए।



 राष्ट्रीयकृत मार्ग पर पर्याप्त रोडवेज बसों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए।


 निजी/अवैध वाहनों द्वारा निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने की शिकायतों की जांच करवाकर कार्रवाई की जाए।


 विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं ग्रामीण यात्रियों की सुविधा को देखते हुए सुबह एवं शाम के समय अतिरिक्त बसें संचालित की जाएं।


आशा है कि आमजन की इस महत्वपूर्ण समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


भवदीय

मनीष उपाध्याय

सामाजिक कार्यकर्ता

छोटीसादड़ी, जिला प्रतापगढ़ (राजस्थान)

दिनांक : ____

मोबाइल : ____

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post