राजसमंद जिले के नाथद्वारा से गोविंद त्रिपाठी की रिपोर्ट
नाथद्वारा (राजसमंद): नेशनल हाईवे पर राबचा स्थित मिराज क्रिकेट स्टेडियम के मुख्य गेट के बाहर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नाथद्वारा से उदयपुर की ओर जा रहे एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े हाईवे मेंटेनेंस वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मेंटेनेंस कार्य के तहत सफाई कर रही 30 वर्षीया पुष्पा देवी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य सफाईकर्मी, मेंटेनेंस वाहन का चालक और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवे मेंटेनेंस वाहन को सड़क पर खड़ा कर लेबर साफ-सफाई का काम कर रही थी, तभी बेकाबू ट्रक असंतुलित होकर मेंटेनेंस वाहन में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि मेंटेनेंस वाहन उछलकर हाईवे के किनारे में खड़ी दो अन्य मोटर साइकल के ऊपर चढ़ गया, जिससे वे दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत यह रही कि बाइक पर कोई नहीं था, जिससे कोई अन्य हताहत नहीं हुआ। राहगीरों के मुताबिक ट्रक चालक नशे की अवस्था में था।
हादसे के बाद टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक केबिन में ही फंस गया, जिसे क्रेन की सहायता से करीब एक घंटे के बाद बाहर निकाला। राहगीरों की मदद से 108 एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को तुरंत नाथद्वारा के राजकीय अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतका पुष्पा देवी के शव को कब्जे में लेकर अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
Post a Comment