भुसावर में बारिश के कारण मकान ढहा, लाखों का सामान क्षतिग्रस्त; पीड़ित ने लगाई मुआवजे की गुहार

 

संवाददाता- परमसुख सैनी 

लोकेशन- रणधीरगढ़ भुसावर 

भुसावर (भरतपुर)। भुसावर थाना क्षेत्र के पास स्थित ग्राम रणधीरगढ़ में लगातार हुई बारिश के चलते एक गरीब परिवार का मकान अचानक ढह गया। गनीमत यह रही कि हादसा के वक्त परिवार के सदस्य घर से बाहर टहल रहे थे, जिससे कोई जनहानि या पशुहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रणधीरगढ़ निवासी दिनेश शर्मा पुत्र स्व. नत्थीलाल शर्मा ने बताया कि 6 अगस्त 2026 की रात लगभग 8:00 बजे वे और उनका परिवार खाना खाकर घर से बाहर घूम रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके मकान से पट्टियों और दीवारों के टूटने की तेज आवाज आई। देखते ही देखते तीन कमरों की पट्टियां और दीवारें पूरी तरह धाराशाई हो गईं।

3.50 लाख रुपये से अधिक का नुकसान

मकान गिर जाने से कमरों के अंदर रखा सारा घरेलू सामान दबकर नष्ट हो गया। इसमें 4 खाट, सिलाई मशीन, मिक्सी, छाछ बनाने की मशीन, पानी की टंकी, 25 मन गेहूं, पंखे और 3 कमरे शामिल हैं। पीड़ित के अनुसार, मकान सहित इस पूरी घटना में लगभग 3,53,050 रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद 7 अगस्त को पीड़ित दिनेश शर्मा ने भुसावर थानाधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर अतिवृष्टि व मकान ढहने से हुए नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है।

सूचना मिलने पर राजस्व विभाग (तहसील भुसावर) की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया तथा ग्रामीणों (मजमे आम) की उपस्थिति में 'मौका पर्चा' तैयार किया। मौका पर्चे में भी बारिश के कारण मकान गिरने और हुए नुकसान की पुष्टि करते हुए अधिकारियों ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से जल्द से जल्द आर्थिक सहायता प्रदान करने की गुहार लगाई है।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم