नाथद्वारा
रिपोर्टर -गोविंद त्रिपाठी
नगर पालिका चुनावों के प्रचार के अंतिम चरण में रविवार का दिन नाथद्वारा में सियासी हलचल और गहमागहमी से भरा रहा। एक ओर जहां वार्ड संख्या 23 के भाजपा प्रत्याशी ने पार्टी लाइन से हटकर कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने की घोषणा कर सनसनी फैला दी, वहीं वार्ड 33 में भाजपा और कांग्रेस, दोनों दलों के दिग्गज नेता एक साथ मैदान में उतरे।
वार्ड संख्या 23 के भाजपा प्रत्याशी दिनेश प्रजापत ने रविवार को प्रेस वार्ता कर एक बार फिर यू-टर्न लेते हुए कांग्रेस प्रत्याशी अजय गुर्जर के समर्थन का ऐलान कर दिया। प्रजापत ने नगर भाजपा में बाहरी व्यक्तियों का हस्तक्षेप बढ़ने पर गहरी नाराजगी जताते हुए चुनाव मैदान से पीछे हटने की बात कही। उन्होंने कहा कि जनता को योग्य उम्मीदवार को चुनना चाहिए। भाजपा के आधिकारिक प्रत्याशी की इस तरह की पलटी ने पूरी पार्टी के लिए किरकिरी की स्थिति पैदा कर दी है।
वहीं वार्ड नंबर 14 से निर्दलीय प्रत्याशी पीयूष लावटी ने भी प्रेस वार्ता कर दोनों प्रमुख दलों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। लावटी ने कहा कि कांग्रेस के बोर्ड कार्यकाल में नगर पालिका की जमीनें कम दामों में संस्थाओं को देकर घोटाला किया गया, वहीं बोर्ड भंग होने के बाद भाजपा शासन में भी संस्थानों को कम दर पर भूमि आवंटित कर पालिका को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने जनता से योग्य उम्मीदवार चुनने की अपील की।
वहीं चुनाव प्रचार के दौरान आज दोनों प्रमुख दलों के दिग्गज नेता मैदान में उतरे। भाजपा सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने वार्ड संख्या 33 के भाजपा प्रत्याशी निहाल सिंह के समर्थन में जनसभा की। इस दौरान बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे नरेश पालीवाल को फिर से पार्टी का दुपट्टा पहनाया गया और भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में समर्थन दिलाया गया।
वहीं इसी वार्ड में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी भी पहुंचे और कांग्रेस प्रत्याशी भव्य पारिख के समर्थन में जनसंपर्क किया।
एक ही वार्ड में दोनों दलों के दिग्गजों की एक साथ मौजूदगी और आमने-सामने की प्रचार गतिविधियों ने साफ संकेत दिए कि अब कोई भी दल इस चुनाव को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा।
إرسال تعليق