वोट की मंडी या लोकतंत्र का सौदा? अलवर में आधी रात को मिठाई के डिब्बों में मिले 500-500 के नोट



अलवर 

​अलवर के वार्ड 42 स्थित दिवाकरी इलाके में मतदान से ठीक एक रात पहले लोकतंत्र को शर्मसार करने वाला बड़ा मामला सामने आया है। यहाँ एक कार के अंदर कलाकंद के डिब्बों में छिपाकर बांटे जा रहे 500-500 रुपये के नोट पकड़े जाने का दावा किया गया है। सबसे सनसनीखेज बात यह है कि इन सभी डिब्बों पर वार्ड 42 से कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा की तस्वीर वाले स्टिकर चस्पा मिले हैं। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है।

घटनाक्रम के मुताबिक, मतदान से ठीक पहले रात करीब एक बजे दिवाकरी क्षेत्र में एक संदिग्ध गाड़ी संदिग्थ परिस्थितियों में घूम रही थी। गाड़ी की बार-बार आवाजाही से शक होने पर कुछ स्थानीय लोगों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। दिवाकरी के एक सुनसान कोने में जब आरजे 14 सीएम 6770 नंबर की वह कार रुकी और उसमें सवार लोग डिब्बे उतारने लगे, तो लोगों ने उन्हें घेर लिया।

​जब जनता ने उन डिब्बों को खोलकर देखा, तो उनके होश उड़ गए। डिब्बों के भीतर कलाकंद मिठाई के साथ 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियाँ सजी हुई थीं और हर डिब्बे पर कांग्रेस प्रत्याशी दुलीचंद बैरवा का स्टिकर चमक रहा था। भारी भीड़ जुटने लगी तो कार सवार लोग अपनी गाड़ी और नोटों से भरे डिब्बे वहीं छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

स्थानीय निवासियों ने फौरन इसकी शिकायत वैशाली नगर थाना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँची और कार व नोटों से भरे डिब्बों को अपने कब्जे में ले लिया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post