अलवर
अलवर जिले के मालाखेड़ा कस्बे के मीना मार्केट में दिनदहाड़े
गहने देखने के बहाने दो महिला ओं ने डिब्बे से करीब छ: लाख रुपए कीमत के मंगलसूत्र पार कर लिए।
जानकारी के अनुसार कस्बे के व्यस्त मीना मार्केट स्थित श्री बालाजी ज्वैलर्स की दुकान पर दो शातिर महिलाओं ने इस चोरी को अंजाम दिया। वे ग्राहक बनकर दुकान में घुसीं इन महिलाओं ने सफाई से करीब 6 लाख रुपये कीमत के 10 सोने के मंगलसूत्र पार कर दिए। घटना की भनक लगते ही व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
दुकान संचालक के मुताबिक, दोनों महिलाएं सोने के आभूषण देखने की इच्छा जताकर काउंटर पर बैठी थीं। काफी देर तक अलग-अलग गहने दिखाने का नाटक कर उन्होंने दुकानदार का ध्यान भटकाया और इसी दौरान मौका पाकर डिब्बे में रखे मंगलसूत्र चुपचाप अपने पास छिपा लिए। इसके बाद वे बिना कोई सामान खरीदे सामान्य तरीके से दुकान से बाहर निकल गईं।
सामान समेटने पर खुला राज
महिलाओं के जाने के बाद जब दुकान संचालक ने स्टॉक और सामान की जांच की, तो डिब्बे से मंगलसूत्र गायब मिले। पैरों तले जमीन खिसकते ही तत्काल इसकी सूचना मालाखेड़ा थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और दुकान के भीतर तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध महिलाओं की पहचान करने और उनके आने-जाने के रास्तों का पता लगाया जा रहा है।
पुलिस आरोपियों की तलाश और चोरी गए माल की बरामदगी के लिए दबिश दे रही है।
Post a Comment