नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव में फॉर्म वापसी के अंतिम दिन उपखंड कार्यालय में तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब वार्ड संख्या 23 से एक भाजपा प्रत्याशी अपना नामांकन वापस लेने पहुंचा। बताया जा रहा है कि यह प्रत्याशी पीसीसी सदस्य देवकीनंदन गुर्जर के पुत्र अजय गुर्जर के सामने चुनाव लड़ रहा था।
जैसे ही भाजपा प्रत्याशी फॉर्म वापस लेने कार्यालय पहुंचा, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उसे रोकने का प्रयास किया। इस बीच बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी वहां जमा हो गए, जिससे मौके पर मौजूद कांग्रेस समर्थकों के साथ नोकझोंक और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई। कुछ देर तक माहौल गरमाया रहा, जिसके बाद मौके पर तैनात पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रण में लिया और प्रत्याशी को अपने साथ थाने ले गई।
घटना के बाद पीसीसी सदस्य देवकीनंदन गुर्जर ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी गुंडागर्दी पर उतर आई है और किसी व्यक्ति को अपनी इच्छा से फॉर्म वापस लेने से रोकना गलत है। उन्होंने प्रशासन पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि प्रशासन भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। उनके अनुसार, फॉर्म वापसी का निर्धारित समय सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक था, बावजूद इसके रिटर्निंग अधिकारी दोपहर बारह बजे कार्यालय पहुंचे, जबकि उससे पहले ही पुलिस उप अधीक्षक ने कार्यालय पर पहरा बैठाकर प्रत्याशी को फॉर्म वापस लेने से रोक दिया।
गुर्जर ने चेतावनी दी कि यदि प्रत्याशी को वापस लाकर उसका फॉर्म नहीं उठवाया गया, तो कांग्रेस इसका पुरजोर विरोध करते हुए धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने साफ किया कि चुनाव को किसी भी सूरत में प्रशासनिक दबाव में नहीं होने दिया जाएगा।
फिलहाल भाजपा की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
Post a Comment