जिला -प्रतापगढ
रिपोर्टर-प्रहलाद जणवा
छोटीसादड़ी। नामांकन प्रक्रिया के दौरान दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए, जिससे कुछ देर के लिए निर्वाचन स्थल पर स्थिति गर्मा गई।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस की ओर से पूर्व प्रधान मनोहर लाल अंजना अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद सिंबल देने की प्रक्रिया के लिए निर्वाचन स्थल पर पहुंचे थे। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के निर्वाचन कक्ष में पहुंचने पर हंगामे की स्थिति बन गई।
मौके पर मौजूद कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच नारेबाजी होने लगी। इससे कुछ समय के लिए निर्वाचन स्थल पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई। घटनाक्रम को देखते हुए मौके पर मौजूद प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के समर्थकों को समझाइश देकर शांत कराया।
प्रशासन की सतर्कता के चलते स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया और नामांकन से जुड़ी प्रक्रिया आगे जारी रही। मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
पूर्व प्रधान मनोहर लाल अंजना ने घटनाक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाए। अंजना का आरोप है कि सत्ता के दबाव में भाजपा कार्यकर्ताओं को निर्वाचन कक्ष में पहुंचकर हंगामा करने की खुली छूट दी गई। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस प्रशासन की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
नगरपालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर छोटीसादड़ी में राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। पार्षदों के चुनाव परिणाम आने के बाद अब अध्यक्ष पद को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच गतिविधियां बढ़ गई हैं। नामांकन प्रक्रिया के दौरान हुए इस घटनाक्रम से चुनावी माहौल और गरमा गया है।
إرسال تعليق