लोकशन-मंडला
संवाददाता/जितेंद्र कुमार भलावी
मंडला। जिले के खम्हरिया–इमली टोला–कांवरी टोला मार्ग की जर्जर स्थिति एक बार फिर चर्चा का विषय बन गई है।, जिसके बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क की मरम्मत और निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
ग्रामीणों के अनुसार झुलपुर से खम्हरिया, खम्हरिया से इमली टोला, इमली टोला से बम्हनी और बम्हनी से कांवरी टोला तक करीब 8 से 10 किलोमीटर लंबा मार्ग आज भी कच्चा और बदहाल है। बारिश के मौसम में यह सड़क कीचड़, गड्ढों और जलभराव से भर जाती है, जिससे आवागमन बेहद कठिन हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है। सरकार द्वारा बच्चों को साइकिल तो उपलब्ध कराई गई है, लेकिन सड़क की स्थिति ऐसी है कि साइकिल चलाना भी जोखिम भरा हो गया है। आए दिन बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि खराब सड़क के कारण बीमार मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पातीं। कई बार एंबुलेंस और अन्य वाहन चालक गांव तक आने से कतराते हैं, जिससे आपातकालीन स्थिति में लोगों की मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत कर शीघ्र पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि यह केवल सड़क का मुद्दा नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और ग्रामीण विकास से जुड़ा गंभीर विषय है।
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर ग्रामीणों को इस समस्या से राहत कब मिलेगी और जिम्मेदार विभाग उनकी वर्षों पुरानी मांग पर कब कार्रवाई करेगा?

إرسال تعليق