चित्तौडगढ
रिपोर्ट-प्रवीण दवे
भूपालसागर, 13 सितंबर। लोकदेवता बाबा रामदेव जी महाराज के जन्मोत्सव एवं भादवी बीज के अवसर पर रविवार को जाशमा में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का भव्य संगम देखने को मिला। गांव में आयोजित विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरा गांव बाबा रामदेव जी के जयकारों से भक्तिमय नजर आया।
इस अवसर पर हवन एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। सर्वसमाज की ओर से बाबा रामदेव जी की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा बाबा रामदेव जी मंदिर से रवाना होकर सुडिया मोहल्ला, सदर बाजार, बस स्टैंड, गोलियों का मोहल्ला, यादव मोहल्ला, कुम्हार मोहल्ला एवं पनघट बावड़ी होते हुए वापस मंदिर पहुंची।
शोभायात्रा के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं तथा आकर्षक झांकियां सजाई गईं। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह पानी एवं प्रसाद की व्यवस्था की गई। युवाओं ने पूरे गांव में बूंदी और केले का प्रसाद वितरित किया।
शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं की मौजूदगी से गांव के चौक और बाजार में मेले जैसा माहौल बन गया। श्रद्धालुओं ने बाबा रामदेव जी के मंदिर में धूप-प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर पहुंचने के बाद महाआरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम से एक दिन पूर्व शनिवार रात्रि को भी धार्मिक आयोजन हुए। सुडिया मोहल्ला स्थित बाबा रामदेव जी मंदिर में विशाल भजन संध्या के साथ ध्वज एवं निशान चढ़ाने का कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं राम रसोड़े पर भी भजन संध्या हुई, जिसमें ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं ने देर रात तक भजनों का आनंद लिया।
आयोजन के दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह पानी, पुष्प एवं प्रसाद की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं की सेवा की। सर्वसमाज की भागीदारी से आयोजित धार्मिक कार्यक्रम ने गांव में आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और एकजुटता का संदेश दिया।
إرسال تعليق