नगर निकाय चुनाव-2026 :
*निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, कपासन और आकोला में 96,814 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग*
चित्तौड़गढ़, 10 सितंबर। जिले के चार नगरीय निकायों निंबाहेड़ा, बड़ीसादड़ी, कपासन और आकोला में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत शुक्रवार को मतदान होगा। मतदान को लेकर अंतिम प्रशिक्षण के बाद गुरुवार को मतदान दलों को संबंधित निकायों के लिए रवाना किया गया। मतदान दल अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर पहुंचकर ईवीएम और निर्वाचन सामग्री की जांच के साथ मतदान की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे।
चारों निकायों में कुल 96,814 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें निंबाहेड़ा नगर परिषद के 45 वार्डों में 58,651, कपासन के 25 वार्डों में 17,275, बड़ी सादड़ी के 25 वार्डों में 11,934 तथा आकोला के 20 वार्डों में 8954 मतदाता शामिल हैं।
*ईवीएम संचालन से लेकर मतदान प्रक्रिया का प्रशिक्षण*
रवानगी से पहले मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण में ईवीएम संचालन, मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग के निर्देशों और मतदान केंद्र पर बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
कार्मिकों को केंद्र पर पहुंचकर सभी निर्वाचन सामग्री एवं व्यवस्थाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
*प्रशासन-पुलिस मुस्तैद*
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू के निर्देशन में चारों निकायों में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर कानून-व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। बुजुर्ग, दिव्यांग एवं विशेष श्रेणी के मतदाताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।
إرسال تعليق