जिला चित्तौड़गढ़
तहसील निंबाहेड़ा
रिपोर्टर पप्पु देतवाल
नवनिर्वाचित पार्षदों ने ली पद गोपनीयता एवं स्वच्छता की शपथ
नगर परिषद निम्बाहेड़ा के उपसभापति पद पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी निलेश मेहता (बी.एम.) निर्विरोध निर्वाचित हुए। मंगलवार को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निलेश मेहता ने उपसभापति पद के लिए अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। निर्धारित समयावधि समाप्त होने तक कांग्रेस की ओर से कोई अन्य नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके पश्चात रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी विकास पंचौली ने निलेश मेहता को उपसभापति पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित उपसभापति निलेश मेहता को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भाजपा के निर्वाचित पार्षदों ने ली पद एवं गोपनीयता तथा स्वच्छता की शपथ
निकाय चुनाव के मतदान के बाद करीब दस दिनों तक अज्ञातवास में रहे भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित पार्षद मंगलवार को एक साथ नगर परिषद पहुंचे। नगर परिषद सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी विकास पंचौली ने भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षदों को पद, गोपनीयता एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इससे पूर्व मंगलवार सुबह उपसभापति पद के नामांकन की प्रक्रिया से पहले ही नवनिर्वाचित पार्षद निलेश मेहता, पवन मीणा एवं कालू सेन ने पद, गोपनीयता एवं स्वच्छता की शपथ ली।
निर्वाचन अधिकारी ने सौंपे निर्वाचन प्रमाण पत्र
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के पश्चात निर्वाचन अधिकारी विकास पंचौली ने नवनिर्वाचित पार्षदों को उनके निर्वाचन संबंधी प्रमाण पत्र सौंपे। इससे पूर्व निर्वाचन अधिकारी पंचौली द्वारा नगर परिषद निम्बाहेड़ा की नवनिर्वाचित सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा को सभापति पद का निर्वाचन प्रमाण पत्र भी सौंपा गया।
भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पार्षदों का भव्य स्वागत
नगर परिषद चुनाव में निर्वाचित होने के बाद करीब दस दिनों तक अज्ञातवास में रहे भाजपा के नवनिर्वाचित पार्षद मंगलवार को निम्बाहेड़ा स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। पार्षदों के भाजपा कार्यालय पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस दौरान आतिशबाजी की गई तथा ढोल-नगाड़ों के साथ कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित पार्षदों का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर नगर परिषद में भाजपा बोर्ड बनने एवं उपसभापति पद पर निलेश मेहता के निर्विरोध निर्वाचन पर खुशी जताई।
भाजपा कार्यालय पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित सभापति श्रीमती शिल्पा भूतड़ा एवं उपसभापति निलेश मेहता सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को शुभकामनाएं दीं।
Post a Comment