रिपोर्ट गौरव कुमार मिश्रा
संवाददाता हमीरपुर
भारी वर्षा के दृष्टिगत जनपद पर सतत निगरानी रखने एवं त्वरित राहत उपलब्ध कराने के दिए निर्देश
हमीरपुर। वर्तमान में हो रही वर्षा एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के दृष्टिगत जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अशोक कुमार ने आज कलेक्ट्रेट स्थित आपदा प्रकोष्ठ/कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी तरह सक्रिय एवं अलर्ट रहने के निर्देश देते हुए कहा कि भारी वर्षा अथवा किसी भी संभावित आपदा की स्थिति में पूरे जनपद पर निरंतर निगरानी रखी जाए तथा किसी भी घटना की सूचना प्राप्त होते ही तत्काल उसका संज्ञान लेकर आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जिलाधिकारी ने आमजन की सुविधा एवं त्वरित सहायता के लिए आपदा कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 9454416001 जारी किया। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि भारी वर्षा के दौरान मकान क्षति, जनहानि, पशु हानि, जलभराव अथवा किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल उक्त कंट्रोल रूम नंबर पर दें, ताकि प्रभावित व्यक्तियों तक आवश्यक राहत एवं सहायता शीघ्र पहुंचाई जा सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में तैनात लेखपालों, ग्राम पंचायत सचिवों एवं अन्य विभागीय कर्मचारियों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि यदि कोई परिवार जर्जर भवन अथवा कच्चे मकान में निवास कर रहा है और वहां दुर्घटना की संभावना है, तो ऐसे परिवारों को समय रहते चिन्हित कर सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी आकस्मिक स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य में कतई विलंब न हो तथा सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

Post a Comment