जिलाधिकारी ने ₹302 करोड़ की बाईपास परियोजना के निर्माणाधीन बेतवा एवं यमुना पुलों का किया स्थलीय निरीक्षण

 

रिपोर्ट गौरव कुमार मिश्रा 

संवाददाता हमीरपुर 


भौतिक प्रगति की समीक्षा कर गुणवत्ता, सुरक्षा एवं कार्य में तेजी लाने के दिए सख्त निर्देश


हमीरपुर। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा शहर को भारी वाहनों के जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सेतु निगम द्वारा संचालित ₹302 करोड़ की बेतवा एवं यमुना नदी पुल निर्माण परियोजना का जिलाधिकारी हमीरपुर श्री अशोक कुमार ने स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की भौतिक प्रगति, स्पैन निर्माण, पीडब्ल्यूडी से संबंधित कार्यों तथा गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए परियोजना को न्यूनतम समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान अवगत कराया गया कि बेतवा एवं यमुना नदी पर निर्माणाधीन सेतु एवं बाईपास परियोजना की कुल स्वीकृत लागत ₹302 करोड़ है। बेतवा नदी पर दोनों लेन में कुल 26 स्पैन बनाए जाने हैं, जिनमें 13-13 स्पैन प्रत्येक लेन में हैं। वर्तमान में एक लेन के सभी 13 स्पैन का निर्माण पूर्ण हो चुका है। पीडब्ल्यूडी से संबंधित लगभग एक माह के अवशेष कार्य को तेजी से पूर्ण कराया जाए तो एक माह के भीतर बेतवा पुल की एक लेन पर यातायात प्रारंभ किए जाने की स्थिति बन सकती है।


यमुना नदी पर दोनों तरफ 16-16, कुल 32 स्पैन बनाए जाने हैं। वर्तमान में एक तरफ के 5 स्पैन का निर्माण पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने शेष स्पैन के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि परियोजना को निर्धारित समयसीमा के अनुरूप पूर्ण कराने के लिए उपलब्ध संसाधनों एवं मैनपावर का प्रभावी उपयोग किया जाए। सेतु निगम द्वारा परियोजना को दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, किंतु कार्य में विलंब को देखते हुए अब शेष कार्य को न्यूनतम संभव समय में गुणवत्ता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post