जिला -प्रतापगढ
तहसील-छोटीसादडी
रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा
सालभर से ग्रामीण दे रहे चेतावनी, जिम्मेदारों की अनदेखी पर उठे सवाल — आखिर कब जागेगा प्रशासन?
प्रतापगढ़। जिले के वरमंडल क्षेत्र से डाबड़ा जाने वाले मुख्य मार्ग पर बना एक सरकारी कुआं धंसने के बाद सड़क के लिए लगातार खतरा बना हुआ है। कुएं के आसपास की जमीन धंसने से आरसीसी सड़क भी बैठ गई है, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों और ग्रामीणों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले वर्ष भी बच्चों से भरी एक स्कूल बस इस धंसे हुए मार्ग में फंस गई थी। उस समय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बस में सवार बच्चों को सुरक्षित नीचे उतारा और काफी मशक्कत के बाद बस को वहां से निकाला था। घटना के बाद ग्रामीणों ने पंचायत और प्रशासन को पूरे मामले से अवगत कराया था तथा क्षतिग्रस्त कुएं और सड़क की मरम्मत की मांग की थी।
लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि एक साल बीत जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा नहीं लिया और समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया।
शुक्रवार को एक बार फिर इसी स्थान पर हादसा होते-होते बचा। सड़क धंसने के कारण एक चार पहिया वाहन कुएं के पास धंसी सड़क में उतर गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल मदद करते हुए वाहन को संभाला और बाद में जेसीबी की मदद से वाहन को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बार-बार घटनाएं सामने आने के बावजूद सरकारी कुएं को अब तक नहीं भरा गया और न ही सड़क की स्थायी मरम्मत की गई। ऐसे में ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों का प्रशासन से सवाल
अगर इसी स्थान पर कोई बड़ा हादसा हो गया तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?
जब पिछले वर्ष स्कूल बस में सवार बच्चों की जान खतरे में पड़ चुकी है और अब फिर वाहन धंसने की घटना सामने आ गई, तो आखिर कब भरा जाएगा यह धंसा हुआ कुआं और कब होगी सड़क की स्थायी मरम्मत?
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मौके का तत्काल निरीक्षण कर कुएं को सुरक्षित तरीके से भरवाया जाए तथा धंसी हुई आरसीसी सड़क की स्थायी मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
ग्रामीणों की आवाज, प्रशासन तक।
Post a Comment