श्री घाटीवाले बालाजी मंदिर में दिनदहाड़े चोरी का प्रयास, दानपात्र तोड़ने की कोशिश; सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए चोर


जिला -प्रतापगढ

तहसील-छोटीसादडी 

रिपोर्टर -प्रहलाद जणवा

डेढ़ माह में तीसरी वारदात से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, पुलिस से आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग

छोटीसादड़ी। गणेशपुर मार्ग स्थित प्रसिद्ध श्री घाटी वाले बालाजी मंदिर में शुक्रवार को अज्ञात चोरों ने दिनदहाड़े चोरी का प्रयास किया। चोरों ने मंदिर परिसर में रखे दानपात्र को तोड़कर उसमें रखी राशि निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। वारदात के बाद चोर मंदिर के पीछे स्थित पुजारी के कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग वाला डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसआई दिलीप सिंह और कांस्टेबल शंभू सिंह ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर घटना की जानकारी जुटाई। इस दौरान मंदिर समिति के सदस्य विजय अग्रवाल, अशोक सोनी तथा पुजारी कृष्णकांत शर्मा और दीपक शर्मा भी मौजूद रहे।


डेढ़ माह में तीसरी बार मंदिर को बनाया निशाना


श्री घाटी वाले बालाजी मंदिर में लगातार चोरी के प्रयास की घटनाओं से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि डेढ़ माह के भीतर यह तीसरी घटना है, जब अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाने का प्रयास किया है। इस बार चोरों ने दिनदहाड़े मंदिर में प्रवेश कर दानपात्र तोड़ने की कोशिश की। सीसीटीवी कैमरों में उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड होने की आशंका के चलते वे डीवीआर भी साथ ले गए। घटना के बाद मंदिर समिति और श्रद्धालुओं में चिंता बढ़ गई है।

लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए मंदिर समिति और क्षेत्रवासियों ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पूर्व में मंदिर में हुए चोरी के प्रयासों को भी जांच के दायरे में शामिल करने की मांग उठाई गई है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर लगातार चोरी के प्रयास होना चिंता का विषय है। पुलिस से आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग, मंदिर तक आने-जाने वाले रास्तों और संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की मांग की गई है।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post