‘मिशन हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत बमोतर में वृक्षारोपण अभियान आयोजित

 

प्रतापगढ़, 3 सितंबर। हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं अधिकाधिक पौधारोपण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को बमोतर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम में जिला कलक्टर शुभम चौधरी, मुख्य वन संरक्षक महेश चंद्र गुप्ता, डीएफओ सुरेश अग्रवाल एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश चंद्र बसेर, आरएफएस विक्रम सिंह राठौड़ सहित अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत जल पूजन एवं कलश यात्रा के साथ हुई। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जल एवं प्रकृति के संरक्षण का संदेश देते हुए प्रतिभागियों ने पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर विभिन्न पौधे लगाए गए तथा उनकी सुरक्षा एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया गया।



वृक्षारोपण के साथ संरक्षण भी जरूरी—जिला कलक्टर


जिला कलक्टर शुभम चौधरी ने कहा कि प्रकृति, जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति सभी को सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है, तभी पौधारोपण का उद्देश्य सार्थक होगा।


मुख्य वन संरक्षक  महेश चंद्र गुप्ता ने विद्यार्थियों से अपील कि वे पौधों को अपने परिवार के सदस्य की तरह अपनाएं तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी लें। उन्होंने कहा कि विद्यालय जैसे स्थानों पर पौधारोपण से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि जल एवं वन संरक्षण एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और दोनों के संरक्षण से पर्यावरण संतुलन कायम रखा जा सकता है।



जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


कार्यक्रम के दौरान जल पूजन एवं कलश यात्रा के माध्यम से जल ही जीवन है का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि जल और हरियाली एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। पेड़-पौधे वर्षा जल के संरक्षण, भूजल स्तर को बनाए रखने तथा पर्यावरण संतुलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए जल संरक्षण के साथ-साथ अधिकाधिक पौधारोपण एवं उनका संरक्षण समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।


इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, ग्रामीण एवं बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे।

0 تعليقات

إرسال تعليق

Post a Comment (0)

أحدث أقدم