*गणपति बप्पा के जयकारों के साथ बंध बारैठा में प्रतिमाएं विसर्जित, उमड़ा जनसैलाब*



लोकेशन- बयाना भरतपुर 

संवाददाता-परमसुख सैनी 


बयाना। क्षेत्र के गांव नगला शीशों में पांच दिवसीय गणेश महोत्सव के समापन पर गणपति प्रतिमाओं का भावुक माहौल में जल विसर्जन किया गया। गांव के विभिन्न स्थानों से स्थापित भगवान गणेश की प्रतिमाओं को गाजे-बाजे और डीजे की धुनों के साथ बंध बारैठा ले जाया गया, जहां धार्मिक रीति-रिवाज और मंत्रोच्चार के साथ उन्हें विसर्जित किया गया। वहीं एक प्रतिमा को बप्पा ऑन बुलेट की थीम पर बुलेट बाइक पर विदा किया गया।

शुक्रवार को पांच दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान के अंतिम दिन गांव में सुबह से ही भक्ति का माहौल था। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर बप्पा को मोदक और फल-फूल का भोग लगाया और उनसे क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके बाद गांव नगला शीशों से एक विशाल विसर्जन शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा में बजती डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुनों पर युवा और ग्रामवासी नाचते-गाते नजर आए। अबीर-गुलाल उड़ाते हुए श्रद्धालुओं ने "अगले बरस तू जल्दी आ" और "गणपति बप्पा मोरया" के गगनभेदी जयकारे लगाए। पूरे मार्ग में बप्पा के स्वागत और विदाई के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा।

इसके बाद प्रतिमाओं को ऐतिहासिक बंध बारैठा जलाशय ले जाया गया, जहां श्रद्धालुओं ने नम आंखों से भगवान श्रीगणेश को अंतिम विदाई दी। विसर्जन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय लोग भी सतर्क रहे। इस अवसर पर गांव नगला शीशों के बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे मौजूद रहे।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post